Haldwani News: सरकारी संस्थानों में BSNL लगाएगा 1800 फ्री वाई-फाई कनेक्शन, भारत नेट परियोजना के तहत पहुंचेगी ओएफसी
हल्द्वानी, अमृत विचार। केंद्र सरकार की भारत नेट परियोजना के तहत कुमाऊं के 14 विकासखंडों में 894 ग्राम पंचायतों में बीएसएनएल ने ब्राडबैंड कनेक्टिविटी के लिए ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) लाइन पहुंचा दी है। अब इस ब्राडबैंड के जरिए कुमाऊं के सरकारी संस्थानों में 1800 फ्री वाईफाई कनेक्शन दिए जाएंगे। करीब 7.50 करोड़ के बजट से यह यह कार्य होगा। साथ ही उपभोक्ता अपने खर्च पर इन ओएफसी के जरिए ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से इंटरनेट सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
भारत नेट परियोजना वर्ष 2011 में शुरू हुई थी। 2015 में इसका नाम बदलकर भारत नेट प्रोजेक्ट कर दिया गया। योजना के तहत ग्राम पंचायतों को डिजिटल तौर पर मजबूत करना है। हर हाथ संचार सुविधा से लोगों को डिजिटली मुख्य धारा से जोड़ना है। कुमाऊं में इस योजना के तहत 898 ग्राम पंचायतों में ब्रॉडबैंड के लिए ओएफसी केबल पहुंचाना था। इसके सापेक्ष अबतक 894 गांव में केबल पहुंचा दी गई है। छूटे गांव के लिए कार्य चल रहा है।
भारत नेट प्रोजेक्ट के डिविजनल इंजीनियर टीएस पांगती ने बताया कि योजना के तहत कुमाऊं की 898 ग्राम पंयायतों में ओएफसी केबल बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। 4 गांव बचे हैं, उनमें कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि इन गांवों में बिछी केबल के जरिए अब कुमाऊं के सरकारी संस्थानों में 1800 ब्रॉडबैंड कनेक्शन फ्री लगाए जाएंगे। इससे एक वर्ष तक संस्थानों को फ्री वाईफाई की सुविधा प्रदान होगी। करीब साढ़े सात करोड़ रुपये का बजट इसके लिए जारी हुआ है।
भारत नेट प्राजेक्ट के तहत कुमाऊं के हल्द्वानी, रुद्रपुर, बाजपुर, काशीपुर, खटीमा, जसपुर, गदरपुर, रामनगर, कोटाबाग, रामगढ़, हवालबाग, ताकुला, बागेश्वर, लोहाघाट विकासखंड की सरकारी संस्थाओं में बीएसएनएल फ्री वाईफाई सुविधा देगा। सरकारी कार्यालय, अस्पताल, स्कूल, पंचायतघर आदि जगहों पर मुफ्त इंटरनेट कनेक्शन लगाए जाएंगे।
