Uttrakhand: ओडिशा की जेल तोड़कर भागा एक लाख का इनामी दबोचा
देहरादून, अमृत विचार। देहरादून पुलिस को 'ऑपरेशन प्रहार' में बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा की कटक जेल तोड़कर करीब छह माह से फरार चल रहे एक लाख के इनामी शातिर अपराधी को बुधवार को ऋषिकेश से दबोच लिया गया।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि, मंगलवार को कोतवाली ऋषिकेश पहुंची ओडिशा की पुलिस टीम ने बताया कि, बिहार के कल्लू गैंग का सक्रिय सदस्य राजा साहनी (34) पुत्र महेश साहनी निवासी लोदिया नगर, थाना मीरगंज, जिला बेगूसराय (बिहार) विगत 2 अक्टूबर 2025 को कटक की जिला जेल तोड़कर फरार हो गया था। राजा की गिरफ्तारी पर ओडिशा पुलिस ने एक लाख रुपए इनाम घोषित किया था। राजा को ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट क्षेत्र में गोल्डन रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में देखा गया है।
सूचना पर सीओ ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने त्रिवेणी घाट के आसपास मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सघन चेकिंग अभियान में पंजाब नंबर की संदिग्ध कार को नटराज चौक से टिहरी मार्ग पर जाते समय रोका गया तो कार की पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान राजा साहनी के रूप में की गई जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। ओडिशा पुलिस ने बताया कि, राजा पर डकैती, हत्या के प्रयास और पुलिस कस्टडी से फरार होने संबंधी अभियोग दर्ज हैं। उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
