Uttrakhand: देहरादून से तीन विदेशी महिलाएं गिरफ्तार, जांच में फर्जी निकले दस्तावेज
देहरादून, अमृत विचार। थाना रायपुर पुलिस ने फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर देहरादून में रह रहीं तीन विदेशी महिलाओं (1 किर्गिस्तान व 2 उज्बेकिस्तान) को रविवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, सांई कॉम्पलैक्स के तृतीय फ्लोर स्थित एक फ्लैट में ये तीनों महिलाएं रह रही थीं। पूछताछ में इन्होंने अपने नाम इरिका (29) मूल निवासी किर्गिस्तान, करीना (30) व निगोरा नीम (32) मूल निवासी उज्बेकिस्तान बताया। इनके पास से पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसबीआई पासबुक, 7 मोबाइल फोन और विदेशी मुद्रा बरामद की गई। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कराया गया है।
पूछताछ में इरिका ने बताया कि वह वर्ष 2023 में 1 साल के वीजा पर भारत आई थी लेकिन वीजा समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से यहां रह रही थी जबकि करीना तथा निगोरा वर्ष 2022 तथा 2023 में नेपाल बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में आई थी, जो भारत में दिल्ली सहित अलग-अलग स्थानों पर रही थीं। इनमें निगोरा पहले भी बिहार में गिरफ्तार की जा चुकी है, जो जमानत पर छूटकर दिल्ली से देहरादून आ गई थी। पुलिस इनके राजधानी में रहने के प्रयोजन के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है जबकि इनके फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाने वालों की भी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
