अयोध्या: गोंडा और फैजाबाद परिक्षेत्र मिलाकर BSNLकी एक ही मेंटीनेंस टीम, फाल्ट आने पर होती है भारी दिक्कत
मुख्य ओएफसी कटने अथवा फाल्ट आने पर होती है भारी दिक्कत
अयोध्या/अमृत विचार। सार्वजानिक दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड का नेटवर्क शहर से गाँव तक फैला हुआ है। छोटे कस्बों और तहसील-ब्लाक मुख्यालयों पर इसका दूरसंचार केंद्र स्थापित है। भारत ब्राडबैंड नेटवर्क लिमिटेड के विलय के बाद लैंडलाइन के साथ मोबाइल संचार सेवा और इंटरनेट व ब्राडबैंड उपलब्ध कराने वाली बीएसएनएल के पास बड़ा आप्टिकल फाइबर केबल संजाल हो गया है। बावजूद इसके परिक्षेत्र के पास मुख्य आप्टिकल फाइबर केबल कनेक्टिविटी को दुरुस्त रखने के लिए मेंटिनेंस टीम की कमी से दो-चार होना पड़ता है।
गौरतल है कि दूरसंचार सेवा उपलब्ध कराने के लिए ओएफसी का जाल बिछाया गया है। जिसके मेन लाइन से जिला मुख्यालयों तथा जिले में बिछे ओएफसी केबल से उप दूरसंचार केंद्रों के साथ उपभोक्ता को जोड़ा जाता है। वर्तमान समय में अकेले फ़ैजाबाद परिक्षेत्र में 19000 किलोमीटर लंबा आप्टिकल फाइबर केबल का संजाल है और इसके तहत आच्छादित फ़ैजाबाद और अंबेडकरनगर जनपदों में कुल लगभग पांच दर्जन उपकेंद्र संचालित हैं।
एसएसए के तहत आंतरिक ओएफसी के मेंटिनेंस का जिम्मा विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर है और इसके लिए विभाग की ओर से आवश्यक उपकरण ओटीडीआर, स्पलैशिंग मशीन आदि उपलब्ध कराई गई है जबकि एनटीआर के तहत जिलों को जोड़ने वाली मुख्य ओएफसी के मेंटिनेंस का जिम्मा ठेके पर दिया गया है। जिसमें अभी गोंडा और फ़ैजाबाद परिक्षेत्र के लिए अभी एक ही टीम उपलब्ध है।
फैजाबाद परिक्षेत्र के लिए अलग एनटीआर मेंटिनेंस टीम को भेजा गया है प्रस्ताव
भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड के फ़ैजाबाद परिक्षेत्र के महाप्रबन्धक ज्ञानेंद्र द्विवेदी का कहना है कि दूरसंचार की मुख्य आप्टिकल फाइबर केबल लाइन गोंडा, सुल्तानपुर और लखनऊ रुट पर वाया मिल्कीपुर जुडी है। इस में ओएफसी लाइन पर तकनीकी खराबी आने अथवा केबल कटने पर संविदा पर तैनात एनटीआर मेंटिनेंस टीम को बुलाया जाता है। इसी टीम के जिम्मे फ़ैजाबाद के साथ गोंडा परिक्षेत्र का जिम्मा है। लखनऊ मुख्यालय को फ़ैजाबाद परिक्षेत्र के लिए अलग से एनटीआर टीम उपलब्ध कराने का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।
यह भी पढ़ें:- हरदोई जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर खान मुबारक की मौत, छोटा राजन के लिए करता था काम
