लखनऊ: पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/ मलिहाबाद, अमृत विचार। रहीमाबाद थानाक्षेत्र अन्तर्गत गहदों गांव में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे छात्र आशीष ने पुलिसकर्मियों से प्रताड़ित होकर खुदकुशी कर ली थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। इसी बीच मलिहाबाद विधानसभी सीट की भाजपा विधायक जय देवी कौशल भी मृतक छात्र के घर पहुंची और परिजनों को ढ़ाढस बंधाया। 

इस बीच छात्र के परिजन आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन की सूचना पर तहसील स्तर के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर छात्र का अंतिम संस्कार कराया।

गौरतलब है कि रविवार दोपहर गहदों गांव निवासी आशीष कुमार ने पुलिसकर्मियों से प्रताड़ित होकर घर में आत्महत्या कर ली। छात्र ने अपने सुसाइड नोट में रहीमाबाद थाने में तैनात दरोगा राजमणि पाल, लल्लन प्रसाद पाल और सिपाही मोहित शर्मा पर पचास हजार रुपये घूस मांगने का आरोप लगाया था। 

घूस न देने पर आरोपित पुलिसकर्मियों ने विपक्षी के संग मिलकर कोर्ट में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी। जिस वजह से आशीष काफी परेशान था। इस प्रताड़ना से आहत होकर उसने खुदकुशी कर ली थी। पुलिस विभाग की फजीहत होता देख आलाधिकारियों ने आरोपित पुलिसकर्मियों पर लाइन हाजिर की कार्रवाई कर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। 

पोस्टमार्टम के बाद परिजन पुलिस कर्मियों की गिरफ्तार, परिवार को सुरक्षा प्रदान करने और आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हालांकि, तहसील स्तर के आलाधिकारी और भाजपा विधायक ने परिजनों को आश्वसन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।

यह भी पढ़ें : व्यवहार और सेवा से आरोग्यता के लक्ष्य को प्राप्त करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं नर्सिंग स्टाफ : सीएम योगी

संबंधित समाचार