Auraiya News: ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, मृतक की जेब से मिला आधार कार्ड व मोबाइल, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत।

औरैया में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड व मोबाइल नंबर से पहचान की गई।

औरैया, अमृत विचार। दिल्ली हावड़ा रेल ट्रैक पर घसारा ब्लाक हट के समीप मंगलवार की सुबह अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व आरपीएफ द्वारा मृतक की जेब में पड़े आधार कार्ड व अन्य कई कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त कराई गई। बाद में मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

जानकारी के मुताबिक दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर अछल्दा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित घसारा ब्लॉक हट के समीप खंभा नंबर 1100 20/00 के मध्य अप मेनलाइन पर मंगलवार को सुबह 7 बजे ड्यूटी पर मौजूद ट्रैक मैन बलवीर ने रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर अछल्दा को दी।

स्टेशन मास्टर द्वारा घटना की सूचना आरपीएफ फफूंद व अछल्दा थाना पुलिस को दी गई। जिस पर आरपीएफ फफूंद के उप निरीक्षक दिनेश सिकरवार, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, मनीष तिवारी व अछल्दा थाना के उपनिरीक्षक कन्हई सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए और मृतक की तलाशी में जेब से निकले आधार कार्ड व पर्चियों पर लिखे मोबाइल नंबरों के आधार पर उसकी शिनाख्त की।

मृतक की शिनाख्त वसीम अहमद पुत्र अबरार अहमद निवासी मकान नंबर 474 गली नंबर 7 राजीव गांधी नगर न्यू मुस्तफाबाद दिल्ली के रूप में हुई है। पर्ची में लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क किए जाने पर मृतक के दोस्त शादाब ने पुलिस को जानकारी दी है कि वसीम अहमद उसके साथ आजमगढ़ में प्राइवेट फैक्ट्री में साथ काम करते थे और वह आजमगढ़ से अपने घर दिल्ली जाने की बात कह कर निकले थे।

थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया मृतक के आधार कार्ड जेब में पड़ी पर्ची पर लिखे नम्बरो के आधार पर मृतक के दोस्त के नम्बर सूचना दे दी गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने बताया है कि के परिजनों के इंतजार में शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

 

संबंधित समाचार