मुरादाबाद : देहरादून के होटल संचालक ने कारोबारी से ठगे 36.50 लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

2011 की जगह 2006 बेंटले फ्लाइंग स्पर कार का कर दिया सौदा, रुपये मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, रिपोर्ट दर्ज

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर के कारोबारी को देहरादून के होटल संचालक ने 36.50 लाख रुपये का चूना लगा दिया। उसने 2011 की जगह 2006 बेंटले फ्लाइंग स्पर कार का सौदा कर दिया। खराब होने पर कार की दिल्ली में जांच कराई तो कारनामे की पोल खुल गई। कारोबारी ने रुपये मांगे तो उसने 23 लाख रुपए लौटाने की बात कही। पूरा पैसा देने की बात पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में होटल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी रोहित सूरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार अगस्त 2020 को देहरादून के सहारनपुर रोड स्थित थाना पटेल नगर निवासी होटल संचालक शशांक मलिक से 2011 बेंटले फ्लाइंग स्पर कार का 41.50 लाख रुपये में सौदा किया था। बैंक खाते से रकम ट्रांसफर की गई। जब कार उनके पास आई और उन्होंने चलाकर देखी तो वह कुछ दूर जाकर खराब हो गई।

 उन्होंने दिल्ली में जांच कराई तो पता चला कि कार 2011 की जगह 2006 मॉडल है। शिकायत पर शशांक ने कार वापस मंगा ली और पांच लाख रुपए खाते में ट्रांसफर कर दिए। मेल के जरिए शशांक ने बताया कि कार की कीमत 23 लाख रुपये फिक्स है। पांच लाख दिए जा चुके हैं। शेष 18 लाख रुपये के चेक मिलेंगे। रोहित ने आपत्ति जताई। मगर आरोपी टालता रहा। पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस आरपी शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में बढ़ा भारत का मान- घनश्याम लोधी

संबंधित समाचार