Unnao में डीजल चोरों ने डीसीएम चालक को किया अगवा, सुनसान इलाके में लूटकर हो गए फरार
उन्नाव में डीजल चोरों ने डीसीएम चालक को किया अगवा।
उन्नाव में डीजल चोरों ने डीसीएम चालक को अगवा किया। खड़े ट्रकों से डीजल चोरी कर रहे बदमाशों को देखने के बाद टोंकने पर वारदात की।
उन्नाव, अमृत विचार। बिहार थानाक्षेत्र में असलहों से लैस बदमाशों द्वारा एक डीसीएम से डीजल चोरी का प्रयास करते समय दूसरे ट्रक चालक ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की। जिसके बाद बदमाश उसे कार में डाल कर अगवाकर ले गए। चालक से मारपीट करने के साथ नगदी लूटकर मरणासन्न हालत में उसे कार से फेंककर भाग निकले। उधर, पुलिस पूरे मामले से अनजान बनी हुई है।
बिहार थानाक्षेत्र में लंबे समय से कार से बदमाशों द्वारा ढाबों व पेट्रोलपंप पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। जबकि पुलिस द्वारा रात्रि गस्त के दावे किए जाते है। जबकि, पेट्रोलपंप पर संभावित दिशाओं में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। रविवार रात करीब दो बजे सफेद रंग की कार से सुमेरपुर स्थित हमारा पेट्रोल पंप पर डीजल चोरी की घटना कैमरे में कैद हुई। हैरानी की बात यह है कि चोरी किये जाते समय पुलिस वाहन भी पास से गुजरा। कैमरे में चार बदमाश चहलकदमी करते भी दिखे।
रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने क्षेत्र के मनिकापुर, तरुण ढाबा व भगवंतनगर समेत दो पेट्रोल पंप पर भी खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की घटना अंजाम दिया। सोमवार रात फिर बदमाशों ने सुमेरपुर स्थित हमारा पेट्रोलपंप पर रात करीब डेढ़ बजे डीसीएम से डीजल चोरी करने का प्रयास किया। इस दौरान बगल में ही एक ट्रक चालक टायर बनवाने के लिए रुका था। उसने डीसीएम के डीजल टैंक के पास खड़े बदमाशों को टोंका तो भगवंतनगर की ओर से आए कार सवार चार बदमाशों ने फैजाबाद निवासी ड्राइवर का गला अंगौछे से कस कर उसे कार में डाल लिया।
बदमाश उसे भगवंतनगर की ओर ले गए और उससे मारपीट कर मरणासन्न हालत में दो किमी आगे फेंककर भाग निकले। बदमाशों ने उसकी जेब में पड़े 13 हजार रुपये भी लूट लिए। हालांकि इसी समय गस्त पर निकल रही पुलिस कार को रुकवाकर बिहारी हदीस ने घटना की जानकारी दी। लेकिन चालक बिना एफआईआर दर्ज कराए चला गया। प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि सूचना मिली है लेकिन तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने देने के लिए गश्त तेज कराने की बात कही है।
