बरेली: बिना भेदभाव हर वर्ग को सरकार की योजनाओं का मिला लाभ- अरविंद यादव
बरेली, अमृत विचार। भारत की विश्व में एक अलग पहचान बनी है। मोदी सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल में लागू हुईं योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के लोगों को दिया गया है। उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं धरातल पर उतारकर सरकार ने सबक साथ, सबका विकास के नारे को चरितार्थ किया है। यह बात मंगलवार को हरियाणा भाजपा उपाध्यक्ष अरविंद यादव ने प्रेमनगर स्थित एमबी इंटर कॉलेज में जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि 2024 में फिर से भाजपा की सरकार होगी। सरकार बनाने के लिए सभी को जी जान से चुनावी समर में उतरना होगा। वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि आप सभी की बदौलत केंद्र में भाजपा की सरकार है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार ने कहा कि केंद्र की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने कहा कि सभी की मेहनत, लगन का नतीजा है कि संगठन एक मजबूत स्तंभ के रूप में खड़ा है। उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया।
ये लोग रहे मौजूद
क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य , जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, विधायक संजीव अग्रवाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक डॉ. एमपी आर्य, विधायक डीसी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य, वीरेंद्र गंगवार, राकेश गुप्ता, मानवेंद्र सिंह लोधी, अनिल कुमार सक्सेना, कार्यक्रम संयोजक सोमपाल शर्मा, प्रभु दयाल लोधी, गुलशन आनंद, पूरन, विष्णु अग्रवाल, सूर्यकांत मौर्य, ज्ञान प्रकाश लोधी आदि मौजूद रहे।
नौ साल के बहाने तैयार हो रही लोकसभा चुनाव की जमीन
निकाय चुनाव में प्रचंड जीत के बाद उत्साहित भाजपा मोदी सरकार के नौ साल के बहाने लोकसभा चुनाव की जमीन तैयार कर रही है। एमबी इंटर कॉलेज में अपराह्न 3 बजे लोगों की भारी भीड़ थी। माहौल भगवामय नजर आ रहा था।
नहीं आए जिले के प्रभारी मंत्री
जिले के प्रभारी, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के मंत्री जयवीर सिंह का मंगलवार को आगमन होना था। दोपहर ढाई बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर योजनाओं की समीक्षा बैठक करनी थी। अपराह्न साढ़े तीन बजे से एमबी इंटर कॉलेज में जनसभा में शामिल होना था, लेकिन 12 बजे के करीब ही सूचना आई कि अपरिहार्य कारणों से प्रभारी मंत्री कार्यक्रम में शिरकत करने नहीं आ सकेंगे।
ये भी पढे़ं- बरेली: थाना प्रभारी समेत कई लोगों को हनी ट्रैप में फंसाने वाली महिला समेत तीन पर रिपोर्ट
