Hamirpur: यूपी बोर्ड के मेधावियों का हुआ अलंकरण, राज्यसभा सदस्य, विधायक व डीएम ने मेधावियों को किया सम्मानित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में यूपी बोर्ड के मेधावियों का हुआ अलंकरण।

हमीरपुर में यूपी बोर्ड के मेधावियों का अलंकरण हुआ। राज्यसभा सांसद, विधायक व डीएम ने मेधावियों को सम्मानित किया।

हमीरपुर, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा 2023 में जनपद में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का प्रतिभा सम्मान समारोह कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में संपन्न हुआ। प्रदेश में स्थान पाने वाले  दो छात्रों को एक एक लाख रुपये की चेक और मेडल व टेबलेट देकर सम्मानित किया गया।

जबकि टॉप 10 में शामिल छात्रों को 21 21 हजार रुपये की चेक, मेडल व टेबलेट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद तथा विशिष्ट अतिथि सदर विधायक डॉ.मनोज कुमार प्रजापति रहे। इस मौके पर लखनऊ लोक भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित छात्र छात्राओं के सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद एवं विधायक ने मेधावी छात्र छत्राओं को उनकी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी। उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को इसी प्रकार से आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा में उच्च स्थान हासिल करना अपने आप में गौरव का विषय है।

उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को इसी प्रकार आगे मेहनत करते हुए अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। हाईस्कूल में राज्य स्तर पर टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हमीरपुर के छात्र श्रेयांश एवं श्रीगायत्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सुमेरपुर के छात्र अंश साहू को एक-एक लाख रुपये की चेक, प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं टेबलेट देकर सम्मानित किया गया। जबकि जनपद स्तर पर टॉप 10 स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को 21-21 हजार रुपये , प्रशस्ति पत्र ,मेडल एवं टेबलेट देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार प्रदेश स्तर पर स्थान बनाने वाले सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र शिवम कुमार को आज लोक भवन लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक लाख रुपये की चेक, प्रशस्ति पत्र, मेडल व  एक टेबलेट देकर सम्मानित किया।

इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों में जनपद में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में शिवम कुमार, श्याम, हरगोविंद,भावेश गुप्ता, सुषमा, वैभव गुप्ता, रजत राठौर, राहुल कुमार, प्रांशु शिवहरे एवं हिमांशु को तथा हाईस्कूल के टॉपर में श्रेयांश, अंश साहू, अथर्व अवस्थी, शिखा राजपूत, कमलराज, दीपांशु कौशिक, योगेंद्र सिंह, काजोल, अंशिका वर्मा, पूजा देवी, शिवांश त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व रमेशचंद्र, सीएमओ डॉ.राम अवतार, डीआईओएस केके ओझा सहित मेधावी विद्यार्थियों से संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक तथा अन्य संबंधित मौजूद रहे।

संबंधित समाचार