बरेली: ईएसआईसी के अस्पताल के लिए आईटीआर में देखी गई जमीन
बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार ने रविवार को प्रस्तावित 100 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के लिए जमीन देखी। इसके लिए बरेली-दिल्ली राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित आईटीआर (इंडियन टरपेंटाइन एंड रोजिन कंपनी लिमिटेड) की भूमि को चिन्हित किया गया है। इसका मुआवजा 56.76 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। …
बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार ने रविवार को प्रस्तावित 100 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के लिए जमीन देखी। इसके लिए बरेली-दिल्ली राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित आईटीआर (इंडियन टरपेंटाइन एंड रोजिन कंपनी लिमिटेड) की भूमि को चिन्हित किया गया है। इसका मुआवजा 56.76 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।
मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने 100 बेड ईएसआईसी अस्पताल की भूमि को चिन्हित करने के बाद कुछ समय पहले निदेशक जनरल कर्मचारी राज्य बीमा निगम को इसकी जानकारी भेजकर विभागीय सहमति मांगी थी। रविवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार और रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के चेयरमैन व ईएसआईसी बोर्ड के सदस्य डॉ. केशव अग्रवाल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित आईटीआर की भूमि को देखने पहुंचे। मंत्री को अफसरों ने भूमि के सर्किल रेट के बारे में बताया कि 30 हजार प्रतिवर्ग मीटर की दर से जमीन का मूल्यांकन किया गया है।
इस पर ईएसआईसी ने सहमति प्रदान कर दी है। राष्ट्रीय मार्ग पर भूमि स्थित होने के कारण पूर्व दिशा की भूमि का मूल्यांकन नियमानुसार 10 प्रतिशत बढ़ाकर किया जाएगा। इस भूमि का कुल क्षेत्रफल 18,920 वर्ग मीटर है, जिस पर 100 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए केन्द्रीय मंत्री के रुख को देखते हुए ईएसआईसी को भेजे गए प्रस्ताव को हरी झंडी मिलनी तय मानी जा रही है। इसके बाद भूमि का बैनामा होगा। मंत्री संतोष गंगवार ने बताया कि अस्पताल निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। कुछ दिनों में विभागीय कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। भूमि निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलशन आनंद और डॉ. ललित अवस्थी आदि भी मौजूद रहे।
