बदायूं: सम्राट अशोक नगर में जहर खाने से युवक-युवती की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सम्राट अशोक नगर में मंगलवार को एक युवक और युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। मंगलवार देर रात गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां बुधवार सुबह दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए। पोस्टमार्टम के दौरान दोनों का विसरा प्रिजर्व कर लिया गया, जो जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

शहर के मोहल्ला सम्राट अशोक नगर निवासी भारत सिंह (45) की मंगलवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत देखकर परिवार वाले घबरा गए। फौरन उन्हें जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक भारत सिंह ने जहरीला पदार्थ खाया था। वहां हालत बिगड़ती देख प्राथमिक उपचार के बाद भारत सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया।

उधर, भारत सिंह के जाने के कुछ देर बाद सम्राट अशोक नगर मोहल्ले की उसी गली में रहने वाली 30 वर्षीय डॉली की हालत बिगड़ गई। फिर उन्हें भी इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार डॉली ने भी विषाक्त पदार्थ खाया था। जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने होने पर डॉली को भी राजकीय मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में बुधवार सुबह इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इलाज के दौरान चिकित्सकों और स्टाफ ने दोनों के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी करनी चाही, लेकिन कोई कुछ बताने को राजी नहीं हुआ।

मोहल्ले के लोगों ने बताया के दोनों के घर आमने-सामने हैं। दोनों शादीशुदा होने के साथ उनके बच्चे भी हैं। करीब एक साल पहले डॉली के पति की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अपने मायके सम्राट अशोक नगर में आकर रहने लगी। मोहल्ले में दोनों के एक साथ विषाक्त पदार्थ खाने की चर्चा है। दोनों के जहर खाने की वजह क्या रही इस बारे में कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है? पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।  

सम्राट अशोक नगर में रहने वाले युवक-युवती की मौत हुई थी। इसकी सूचना मिलने के बाद दोनों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए। दोनों जहर क्यों खाया इस बारे में परिवार वाले अभी कुछ बताने को तैयार नहीं हैं। मामले की जांच की जा रही है। - राजीव तोमर, प्रभारी निरीक्षक सदर कोतवाली

ये भी पढे़ं- बदायूं: नौकरी पाने के लिए गुरुवार को उसहैत पहुंचें बेरोजगार

 

 

 

संबंधित समाचार