बरेली: दुष्कर्म के मामले में खेल करने पर भमोरा थाना प्रभारी निलंबित
बरेली, अमृत विचार। दुष्कर्म के मामले में नियम विरुद्ध मुख्य आरक्षी को जांच देने और समझौते का दबाव बनाने के मामले में बुधवार रात एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने भमोरा थानाध्यक्ष रोहित शर्मा को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने इसके अलावा दो चौकी इंचार्ज समेत नौ पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की है। दो थाना पर नए प्रभारियों को तैनाती दी गई है।
एसएसपी ने सट्टा कराने के आरोप में जोगी नवादा चौकी इंचार्ज सुशील कुमार, कांकरटोला चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार के साथ मुख्य आरक्षी परमानंद सिंह, आरक्षी मो. कामिल और मोहित पवार को लाइन हाजिर कर दिया। फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया गया। एसएसपी ने ओमप्रकाश गौतम को आंवला से फतेहगंज पूर्वी थाने की कमान सौंपी है। ईओआईसी में तैनात इंस्पेक्टर सतीश कुमार को आंवला थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कोर्ट के आदेश पर भमोरा थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले की विवेचना थाना प्रभारी रोहित शर्मा ने मुख्य आरक्षी राम प्रकाश यादव को दे दी। राम प्रकाश ने विवेचना में मदद के नाम पर वादी से 30 हजार और प्रतिवादी से 70 हजार रुपये ले लिये। मामला एसएसपी के संज्ञान में आया था, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। बुधवार रात एसएसपी ने थाना प्रभारी रोहित शर्मा को इस आरोप में निलंबित कर दिया कि अधिकृत ना होने के बावजूद उन्होंने मुख्य आरक्षी को विवेचना आवंटित कर दी। ऐसे में थाना प्रभारी की घोर लापरवाही उजागर हुई।
ये भी पढे़ं- बरेली: मेड़ विवाद में फरसे से काटकर किसान की हत्या
