प्रतापगढ़ में परीक्षा के दौरान प्राचार्य की कुर्सी पर जम गए सीओ, वर्दी का रौब झाड़ते CCTV में हुए कैद
पीबीपीजी कालेज में हो रही थी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा
प्रतापगढ़, अमृत विचार। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के दौरान सीओ ट्रैफिक प्राचार्य की कुर्सी पर बैठ गया। इसका विरोध करने पर केंद्राध्यक्ष व शिक्षकों से सीओ ने दुर्व्यवहार किया। घटना क्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
पीबीपीजी कालेज प्रतापगढ़ सिटी में प्रथम पाली की बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा चल रही है। सुबह करीब 10 :45 बजे परीक्षा के दौरान सीओ ट्रैफिक प्रभात कुमार कालेज पहुंचे। मातहतों के साथ सीधे प्राचार्य कक्ष में पहुंचे उनकी कुर्सी पर बैठ गए। इस बात का ब्लाक ए व ब्लाक बी के केंद्राध्यक्ष व शिक्षकों ने विरोध किया,कहा कि कई कुर्सियां लगीं हैं आप उस पर बैठ जाइए। आरोप है कि सीओ प्रभात रौब झाड़ने लगे और अभद्रता की।
पीबीपीजी कालेज के प्राचार्य प्रो. अमित कुमार श्रीवास्तव को परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया। उस समय वह ट्रेजरी कार्यालय में मौजूद थे। सूचना पर कालेज पहुंचे। प्राचार्य के आने के पहले सीओ कालेज से चले गए। सभी घटना क्रम कालेज के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। प्राचार्य ने कहा परीक्षा के दौरान शिक्षकों से इस तरह का दुर्व्यहार ठीक नहीं है। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी करिश्मा गुप्ता कालेज पहुंची। प्राचार्य और शिक्षकों से बात की। इसके बाद द्वितीय पाली की परीक्षा शुरू हुई।
.jpg)
कार्रवाई के लिए अफसरों को लिखा पत्र
परीक्षा के समय सीओ ट्रैफिक के द्वारा प्राचार्य कक्ष में केंद्राध्यक्ष और शिक्षकों के साथ अभद्रता करने व जबरन कुर्सी पर बैठने की शिकायत अफसरों से की गई है। प्राचार्य एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी प्रो.अमित कुमार श्रीवास्तव ने बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के नोडल अधिकारी कुलसचिव बुंदेलखंड।विश्वविद्यालय बरेली,कुलपति व कुलसचिव राज्य राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज, डीजीपी,एडीजी,डीएम,एसपी समेत अन्य अफसरों को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें - Heat Stroke : भीषण गर्मी ने ली हेड कांस्टेबिल की जान, परीक्षा ड्यूटी के दौरान बना शिकार
