Heat Stroke : भीषण गर्मी ने ली हेड कांस्टेबिल की जान, परीक्षा ड्यूटी के दौरान बना शिकार
बांदा,अमृत विचार। भीषण गर्मी और तपिश ने बीएड प्रवेश परीक्षा में ड्यूटी के दौरान एक हेड कांस्टेबिल की जान ले ली। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने इस घटना की पुष्टि की है।
गुरुवार को शहर के सात परीक्षा केंद्रों में बीएड की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। शहर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबिल यादवेंद्र यादव की भी एक परीक्षा केंद्र में सुरक्षा-व्यवस्था में ड्यूटी लगाई गई थी। भीषण गर्मी और तपिश में लगातार ड्यूटी देने से उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन वह बाइक से पानी की तलाश में भागा। तकरीबन एक किलोमीटर दूर विकास भवन के पास बाइक रोककर उसने तीन लीटर पानी पीकर प्यास बुझाई। तब तक स्थिति बेकाबू हो गई और वह वहीं गिरकर तड़पने लगा।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मीनिवास मिश्र और सीओ सिटी गवेंद्र पाल गौतम समेत सभी आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। हेड कांस्टेबिल की दुखद मृत्यु पर सभी पुलिस अधिकारियों ने शोक जताया है।
.jpg)
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिसकर्मी गाजीपुर का निवासी था। ड्यूटी के दौरान उसकी हीट स्ट्रोक से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : हरदोई में सड़क हादसा, कार सवार इंस्पेक्टर की मौत
