बहराइच: नेपथा ऑयल ले जाने वाली मालगाड़ी में मिली चिंगारी की सूचना, साढ़े पांच घंटे बाद गंतव्य को हुई रवाना

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

पूरी रात अनहोनी को लेकर अधिकारियों में रही अफरा-तफरी

अमृत विचार, जरवलरोड, बहराइच। लखनऊ से बिहार जा रही मालगाड़ी में अज्ञात कारणों से एक डिब्बे के ऊपर गुरुवार रात को आग की चिंगारी देखी गई। चिंगारी देख घाघरा घाट स्टेशन के मास्टर ने वाकी-टाकी से चालक, गार्ड और जरवल रोड रेलवे स्टेशन पर सूचना दी। इसके बाद नेपथा आयल ले जा रही मालगाड़ी को जरवल रोड रेलवे स्टेशन पर डाउन लाइन नंबर दो पर रोक दिया गया और जांच की गई। वहीं साढ़े पांच घंटे की पड़ताल के बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया।

लखनऊ से गुरुवार शाम को नेपथा ऑयल लेकर मालगाड़ी बिहार के लिए रवाना हुई। लखनऊ गोंडा रेल प्रखंड पर घाघरा घाट रेलवे स्टेशन पर 09:25 बजे मालगाड़ी आगे के स्टेशन जरवल रोड के लिए रवाना हुई। तभी घाघराघाट रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने मालगाड़ी के बीच के डिब्बे में आग की चिंगारी देखी। इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर ने जरवल रोड रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को दी। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा को दी गई। नेपथा ऑयल (पेट्रोलियम पदार्थ) ले जा रही मालगाड़ी के डिब्बे में चिंगारी की सूचना पर हड़कंप मच गया। मालगाड़ी को डाउन रेल लाइन के जरवल रोड रेलवे स्टेशन पर 09:32 बजे रोक लिया गया। 

वहीं सूचना मिलते ही आरपीएफ बुढ़वल पोस्ट कमांडर आलोक सिंह , बाराबंकी उपनिरीक्षक राजेश सिंह, थानाध्यक्ष दद्दन सिंह, एसडीएम महेश कुमार कैथल दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि ट्रेन के रुकने पर आग लगने की जांच की गई तो कुछ दिखा नहीं है। प्रभारी निरीक्षक दद्दन  सिंह ने बताया कि साढ़े पांच घंटे बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया। किसी अनहोनी को लेकर अधिकारी दहशत में रहे। एसडीएम ने बताया कि रात 9.32 पर मालगाड़ी को रोका गया। जबकि 2.56 बजे रात में मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

एनओसी के बाद रवाना हुई ट्रेन 

एसडीएम महेश कुमार कैथल ने बताया कि मालगाड़ी में एक डिब्बे में गार्ड बलराम शर्मा ,चालक एसकेके मद्धेशिया  को स्टेशन मास्टर घाघरा घाट ने  ऊपर आग की लपटें देखकर सूचना दी थी, लेकिन इस समय कुछ नहीं है। हो सकता है ट्रेन चलती है जो आयल भरा रहता है हिलोरा मारता है, उससे बुझ गई होगी। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम रेलवे की टीम एक एक डिब्बा की जांच  के बाद फायर ब्रिगेड की एनओसी पर गाड़ी को आगे गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद मालगाड़ी रवाना की जायेगी।

ये भी पढ़ें:- वाराणसी: रिश्वत मांगने के मामले में IPS अनिरुद्ध सिंह पाए गए दोषी, डीजपी मुख्यालय की ओर से कार्रवाई की तैयारी

संबंधित समाचार