JDU विधायक रत्नेश सदा नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल  

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

पटना। जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक रत्नेश सदा को शुक्रवार को नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में मंत्री के तौर पर शामिल किया गया। बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यहां राजभवन में सदा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सदा सोनबरसा (एससी) सीट से तीन बार के विधायक हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और कई अन्य गणमान्य लोग शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। 

गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम एस) के संस्थापक जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन ने हाल में मंत्री पद से इस्तीफा दिया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह उपस्थित थे। दलित समुदाय के अनुभवी नेता सदा वर्ष 2010 के बाद से सोनबरसा निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीन बार बिहार विधान सभा के लिए चुने गए।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को जदयू के साथ विलय करने की पेशकश से हम अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से रिश्ते में खटास आ गई। साथ ही इसके विरोध में मांझी के पुत्र संतोष मांझी ने नीतीश मंत्री मंडल से इस्तीफा दे दिया।

इसके बाद उन्होंने पिछले मंगलवार को मीडियाकर्मियों से कहा था कि हम पर जदयू में विलय के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि जदयू की पेशकश हम के अस्तित्व को समाप्त करने का एक प्रयास था, जिसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जा सकता था।

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन में छह दल हैं, जिनमें जदयू, राजद, कांग्रेस, भाकपा, माकपा और हम शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि हम ने औपचारिक रूप से महागठबंधन से बाहर निकलने की घोषणा नहीं की है, लेकिन जदयू अध्यक्ष श्री सिंह ने मंगलवार को कहा था कि उनकी राय में हम महागठबंधन से बाहर हो गया है।

ये भी पढ़ें- चक्रवात 'बिपरजॉय' ने गुजरात में छोड़े तबाही के निशान, अब कमजोर पड़ा 

संबंधित समाचार