Unnao News : लाइनमैन की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगा किया हंगामा, हाईवे जाम होने से फंसे वाहन
उन्नाव में लाइनमैन की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगा काटा हंगामा।
उन्नाव में लाइनमैन की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगा काटा हंगामा। नाराज परिजनों ने उसके शव को पावर हाउस के बाहर रख कर हंगामा किया।
उन्नाव, अमृत विचार। बिछिया सब स्टेशन में कार्यरत संविदाकर्मी फाल्ट ठीक करने के लिए पोल में चढ़ा था। जहां विद्युत आपूर्ति बंद न होने के कारण करेंट झुलस कर पोल से गिर कर घायल हो गया। देर रात निजी अस्पताल में उसकी इलाज के समय मौत हो गई। नाराज परिजनों ने उसके शव को पावर हाउस के बाहर रख कर हंगामा किया।
पुलिस के साथ पहुंचे विभागीय अफसरों ने आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही नायब तहसीलदार ने परिवार सरकारी मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। लगभग साढ़े तीन घंटे तक परिजन शव रख कर जाम लगाए रहे। इस दौरान कई वाहन भी फंस गए।
बिछिया पावर हाउस के फ़ीडर के संविदा लाइनमैन सुभाष उर्फ राजू पुत्र भल्लू बुधवार को देरशाम नया खेड़ा गांव में एचटी लाइन में आया फाल्ट ठीक करने गया था। जहां पोल पर चढ़ते ही वह करंट की चपेट में आकर पोल से गिर गया। परिजन उसे जिला अस्पताल फिर शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
कानपुर के निजी अस्पताल में उसने गुरुवार रात दम तोड़ दिया। नाराज परिजन सुबह शव लेकर गांव वालों के साथ बिछिया पावर हाउस पहुंचे और एसएसओ और लाइन मैन मोनू पर बिना आपूर्ति बंद कराए राजू को पोल पर चढ़ा देने का आरोप लगाते हुए गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार सुबह पावर हाउस के बाहर जाम लगा दिया लगभग तीन घंटे जाम में सैकड़ों गाड़ियां और यात्री फंसे रहे।
मौके पर सीओ बीघापुर विजय आनंद, सीओ पुरवा संतोष सिंह और कोतवाल चंद्रकांत ने परिजनों को समझाने का काफी प्रयास किया गया। परंतु मुआवजे को लेकर परिजन अपनी बात पर अड़े रहे। नायब तहसीलदार तनवीर हसन ने परिजनों को समझाकर जाम को खुलवाने का काफी प्रयास किया। परंतु परिजनों द्वारा मुआवजे को लेकर लिखित प्रार्थनापत्र देकर अपनी मांगों को रखा गया।
परिजनों ने बताया कि जो भी कर्मचारी दोषी हैं उन पर कार्रवाई हो। साथ ही पीएम आवास, ग्राम समाज से दो बीघा जमीन, माता पिता व पत्नी को पेंशन, मुख्यमंत्री द्वारा सहायता राशि और दुर्घटना बीमा की मांग की। नायब तहसीलदार तनवीर हसन ने परिजनों से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्यवाही करने की बात कही। तब जाकर मामला शांत हुआ और जाम खुलवाया गया। विद्युत विभाग की तरफ से एसडीओ राजेश कुमार, जेई विजय पाल, जेई जुगराज सिंह ने विभागीय मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज पाई।
