कानपुर : सीता भारत की बेटी या नेपाल की? 'आदि पुरुष' फ़िल्म के डायलाग पर बखेड़ा मचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में विहिप के अभ्यास वर्ग में छिड़ी बहस

महेश शर्मा/कानपुर, अमृत विचार। रिलीज होते ही फ़िल्म 'आदि पुरुष' विवादों में आ गयी। फ़िल्म के डायलॉग में सीता को भारत की बेटी बताया गया है। इसपर नेपाल ने कड़ी आपत्ति की है। यही नहीं नेपाल में फ़िल्म में हिस्से को म्यूट कर दिया गया। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद अपना पक्ष नहीं रख पा रही है। शनिवार को चर्चा होगी। कानपुर में विहिप के अभ्यास वर्ग में नेपाल से भी पदाधिकारी पहुंचे हैं। 

राजीव महाना विहिप अध्यक्ष कानपुर प्रान्त (1)
राजीव महाना विहिप अध्यक्ष कानपुर प्रान्त

 

कानपुर प्रान्त के विहिप अध्यक्ष राजीव महाना ने कहा कि शनिवार को इस पर चर्चा की जाएगी। वहीं अभ्यास वर्ग में विहिप नेपाल के महामंत्री जितेंद्र कुमार सिंह इस प्रकरण पर दुविधा में हैं। वह बहुत साफगोई से बातचीत नहीं कर पाए। अध्यक्ष राजीव महाना का कहना है कि यह सही है कि माता सीता जनकपुर की हैं जो कि नेपाल में आता है। लेकिन पौराणिक काल में नेपाल भी अविभाजित भारत का हिस्सा था। इस पर नाहक विवाद नहीं होना चाहिए। माता सीता भारत के उस क्षेत्र की बेटी हैं जो तब भारत में था और अब नेपाल में। महाना को लगता है कि फ़िल्म निर्माता ने 'भारत की बेटी सीता' डायलाग जान-बूझकर डाला है।

नेपाल से आये विहिप के महामंत्री जितेंद कुमार सिंह फ़िल्म आदि पुरुष में इस डायलाग व नेपाल की आपत्ति से अनभिज्ञ थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि यह तो सही है और जनस्वीकार्यता भी है कि माता सीता जनकपुर की हैं जो नेपाल का हिस्सा है। पर फ़िल्म निर्माता को देशकाल की परिस्थितियों का ध्यान रखना चाहिए था। वह कहते हैं कि विहिप अंतराष्ट्रीय संगठन आपसी बातचीत में अपना स्टैंड स्पष्ट करेगा। शनिवार को व्यापक चर्चा होगी।

विहिप नेपाल के महामंत्री जितेंद्र कुमार सिंह
विहिप नेपाल के महामंत्री जितेंद्र कुमार सिंह

 

एक अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार हिंदी फ़िल्म ‘आदिपुरुष’ में सीता के किरदार से जुड़े एक डायलॉग पर नेपाल में विवाद खड़ा हो गया है। इस फ़िल्म में सीता को ‘भारत की बेटी’ बताया गया है। नेपाल की राजधानी काठमांडु के मेयर ने इसी डायलॉग पर आपत्ति जताई है। बालेंद्र शाह 'बालेन' ने फिल्म निर्माताओं से कहा है कि वे अपनी फ़िल्म में से इस डायलॉग को हटा दें। इसके लिए उन्होंने फिल्म निर्माताओं को तीन दिन का वक़्त दिया है।

नेपाल के सेंसर बोर्ड ने फिल्म में से उनके हिसाब से आपत्तिजनक सामग्री को म्यूट कर दिया है। राम कथा पर आधारित इस फ़िल्म को रावण से लेकर सीता समेत दूसरे किरदारों के फिल्मांकन पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन नेपाल में इस फ़िल्म को एक अलग तरह के विवाद का सामना करना पड़ रहा है। इस फ़िल्म में सीता को भारत को बेटी बताया गया है। नेपाल दावा करता आया है कि पौराणिक किरदार सीता का जन्म नेपाल के जनकपुर में हुआ था। इसी वजह से नेपाल में फिल्म के इस डायलॉग पर विवाद खड़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें : जालौन : हाईवे पर तेज रफ्तार रोडवेज की बस पलटी, 14 यात्री घायल

संबंधित समाचार