मुरादाबाद : दुष्कर्म के बाद महिला पर गर्भपात का दबाव बना रहा आरोपी, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। महाराजगंज निवासी महिला से भोजपुर निवासी युवक ने दुष्कर्म किया। जेल जाने से बचने के लिए उसने महिला से शादी कर ली। जबकि, युवक की पहले से ही दो पत्नी हैं। अब वह पीड़ित महिला पर गर्भपात का दबाव बना रहा है। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने युवक समेत उसके तीन साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित महिला ने तहरीर में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। उसकी एक बेटी है। कुछ समय पहले भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी इस्लाम से उसकी पहचान हुई। आरोप है कि उसने विधवा महिला को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब महिला गर्भवती हो गई तो कोर्ट में जाकर उससे शादी कर ली।
जिससे वह दुष्कर्म के केस से बच सके। उसके बाद वह महिला को सिविल लाइंस में हरथला लाइनपार निवासी अनीस, इशरत और शहवाज के घर में रखने लगा। आरोप है कि कुछ समय बाद चारों ने मिलकर उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया।
उसकी बेटी को आरोपी मारने पीटने लगे। इसी दौरान पता चला कि आरोपी की पहले से दो पत्नी हैं। अब चारों आरोपी पीड़िता पर छह माह का गर्भपात कराने का दबाव बना रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : साहब ! मेरे बेटे ने ही कब्जा लिया मेरा आवास
