बरेली: इज्जतनगर रेल मंडल के 11 स्टेशनों पर होगी पीएमएस सुविधा
बरेली, अमृत विचार। रेलवे में अक्सर लोगों को शिकायत होती है कि उनका पार्सल गलत स्थान पर चला गया या फिर पार्सल गुम हो गया। इस समस्या के समाधान के लिए रेल प्रशासन सभी मंडलों में पीएमएस (पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम) शुरू कर रहा है। इसके जरिये पार्सल को ऑनलाइन ट्रैक किया जा सकता है। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के प्रमुख 11 स्टेशनों में भी पीएमएस की सुविधा होगी।
अधिकारियों के मुताबिक इस सिस्टम के जरिए हर पार्सल की बुकिंग और रिसीविंग बिल के साथ ऑनलाइन दर्ज होती है। पार्सल बुक करने से लेकर उसे ट्रेन में भेजने, गंतव्य तक पहुंचाने की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होती है। सामान का वजन लेकर उसका एक बारकोड जनरेट किया जाता है। यह बार कोड पार्सल पर लगाते हैं और उसकी जानकारी बुक करने वाले को दे दी जाती है। इसके अलावा बुकिंग के वक्त दिए जाने वाले पीआरआर (पार्सल रेलवे रसीद) नंबर के जरिए रेलवे की ऑनलाइन वेबसाइट पर ऑनलाइन ट्रैक किया जा सकता है।
मंडल के इन स्टेशनों पर शुरू होगा पीएमएस
पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम मंडल के कुल 11 स्टेशनों कन्नौज, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस, बरेली सिटी, बहेड़ी, लालकुआं, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, रामनगर में शुरू किया जाएगा। रेल अधिकारियों के मुताबिक संबंधित उपकरण स्टेशनों पर पहुंचा दिए गए हैं। अगले सप्ताह तक इंजीनियरों की टीम इनके इंस्टॉलेशन का काम शुरू कर देगी। इसके अलावा इज्जतनगर और बरेली सिटी स्टेशनों पर बंद पड़ी पार्सल बुकिंग सुविधा भी जल्द शुरू की जा सकती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने सांसद मीटिंग में रेल अधिकारियों के सामने यह मुद्दा उठाया था।
इज्जतनगर रेल मंडल के 11 स्टेशनों पर पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाना है। जिसमें बरेली सिटी और बहेड़ी स्टेशन भी शामिल हैं। जिन स्टेशनों पर सिस्टम लगना है वहां उपकरण पहुंचा दिए गए हैं। अगले सप्ताह तक इनके इंस्टॉलेशन का कार्य शुरू कर दिया जायेगा।-राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर रेल मंडल
ये भी पढ़ें- गर्मी से पाना चाहते हैं राहत तो आज ही करें ये काम, फ्रेशनेस भी रहेगी बरकरार
