मुरादाबाद: दो मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
चोरी किया गया सामान बरामद, बेचने की फिराक में था चोर, पूर्व में आरोपी पर लग चुका है गैंगस्टर एक्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने मंदिर में चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने चाेर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया। आरोपी सामान बेचने की फिराक में था।
सीओ कोतवाली देश दीपक ने बताया कि 15 जून को थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मोरा मुस्तकम गांव में दो मंदिरों में चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में थाना सिविल लाइंस में केस दर्ज किया गया था। घटना का खुलासा करते हुए सीओ ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम हाऊस के पास से चोरी के सामान सहित युवक को गिरफ्तार किया।
जिसने पूछताछ में अपना नाम नईम पुत्र फिदा हुसैन निवासी विशनपुर बताया। आरोपी के पास से एक तांबे का नाग, एक कलश, पीतल की घंटी, दो दीये, हजारों की नकदी समेत काफी मात्रा में चोरी किया हुआ सामान बरामद हुआ। बताया कि आरोपी सामान को बेचने की फिराक में था और टेंपो का इंतजार कर रहा था। तभी पुलिस ने इसे धर दबोचा। बताया कि आरोपी पर पूर्व में भी पांच केस दर्ज हैं और 2016 में उसपर गैंगस्टर एक्ट भी लगा है।
ये भी पढ़ें:- संभल: किशोरी के साथ जंगल में तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म
