Kannauj News: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार, पूर्व प्रधान पति की गोलियों से भूनकर की थी हत्या
कन्नौज में पुलिस मुठभेड़ में हत्यारोपित गिरफ्तार।
कन्नौज में पुलिस मुठभेड़ में पूर्व प्रधान पति की हत्या का मुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूर्व प्रधान पति की गोलियों से भूनकर हत्या की थी।
कन्नौज, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर अमरन में शनिवार देर शाम हुई पूर्व प्रधान पति की हत्या के बाद हुई पुलिस मुठभेड़ ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गंगा कटरी में शनिवार रात 9 बजे जलालपुर अमरा गांव में चार असलहाधारी लोगों ने पूर्व प्रधान शिवदेवी के पति रामदास की उस समय गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी जब वह अपने दरवाजे पर बैठे थे। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद कुमार, सीओ सिटी डा. प्रियंका बाजपेई, सीओ तिर्वा शिवप्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पंहुचे थे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि वर्तमान प्रधान रामश्री के पुत्र दीपू ने अपने साथियों के साथ पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर हमला बोल दिया और बम भी फेंके। इसके बाद देशी बंदूक और तमंचों से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। रात में ही परिजनों की तहरीर पर चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। रविवार तड़के पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान दो लोगों को टोकने पर उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो घटना का मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया । पुलिस उसके समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम क्रमशः राकेश व मुकेश बताएं। राकेश घटना का मुख्य आरोपी है।
पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने बताया की घटना के मुख्य अभियुक्त राकेश समेत दो को पुलिस मुठभेड में गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। अन्य के भी नाम प्रकाश में आये हैं। उनको भी गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जाएगी। घायल अभियुक्त बको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
