Kanpur: बिजली जाने से लोग परेशान, सड़कों पर उतर कर रहे हंगामा, 88 जगह हुए फाल्ट, दक्षिण में सबसे ज्यादा कटौती
कानपुर में बिजली की कटौती होने से लोग हो रहे परेशान।
कानपुर में गर्मी में 88 जगह फाल्ट हुए। बिजली न रहने से शहरवासियों को पानी की भी समस्या हुई।
कानपुर, अमृत विचार। गर्मी के प्रकोप के बीच विद्युत आपूर्ति लड़खड़ाने से लाखों शहरवासी परेशान हुए। हालात यह हुए कि शहर में शनिवार को 88 जगहों पर फॉल्ट से कई इलाकों की दिनचर्या बिगड़ गई। बिजली न आने से लोग पानी के लिए भी परेशान हुए। दक्षिण इलाकों में सबसे अधिक समस्या सामने आई।
बिजली की आवाजाही सुबह से ही जारी रही। लोगों की आंख खुलने से पहले ही उन्हें बिजली ने परेशान करना शुरू कर दिया। शहर के इलाके आवास विकास 3, स्वराज नगर, पुराना कानपुर, नौबस्ता ,पशुपति नगर, किदवई नगर ,बर्रा विश्व बैंक ,जरौली सहित अन्य इलाकों में पूरे दिन बिजली आती और जाती रही।
इसी तरह कृष्णा नगर ,मंगला विहार, बनिया पुरवा, गोविंद नगर, विजय नगर ,आवास विकास कल्याणपुर ,जूही, परम पुरवा ,कोयला नगर सहित अन्य इलाकों में बिजली न रहने से पानी की मोटर नहीं चली। जिसकी वजह से शाम तक शहरवासी पानी के लिए तरसते रहे। उधर पराग डेयरी, पटकापुर, जाजमऊ, छबीले पुरवा, कल्याणपुर, अशोक नगर, रतनलाल नगर में बिजली जाने के साथ ही वोल्टेज की भी समस्या रही। जिससे लोग खासे परेशान दिखे। इसी तरह गूबा गार्डन, रेल बाजार में देर रात तक अंधेरा छाया रहा।
देरी से नाराज हुए लोग
पसीनेभरी गर्मी के बीच हुए फाल्टों की वजह से गर्मी से बेहाल लोग देरी से फाल्ट दुरुस्त न होने से खासे नाराज दिखे। वे कई बार फाल्ट को जल्द ठीक कराने के लिए विभाग के फोन मिलाते रहे। इस पर कई बार विभाग के कर्मचारियों और आम शहरियों के बीच विवाद भी हुआ। ऐसे में विभाग कर्मचारियों की ओर से फाल्ट के अचानक अधिक होने और फाल्ट ठीक करने वाले लोगों की कमी की दुहाई भी दी गई।
