Farrukhabad : ट्रेन से कटकर चचेरे भाई समेत तीन की मौत, खेत में जा रही महिलाओं ने सुबह क्षत-विक्षत शव पड़े देखे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में बारात में आए दो चचेरे भाई समेत तीन की ट्रेन से कट कर मौत।

फर्रुखाबाद में बारात में आए दो चचेरे भाई समेत तीन की ट्रेन से कट कर मौत हो गई। सुबह खेत जा रही महिलाओं ने शव पड़े देखे।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। बारात में आए दो चचेरे भाई समेत तीन किशोरों की बारात चढ़ते वक्त ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी से गांव में सनसनी फैल गई। रेलवे ट्रैक पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। शव देखकर तीनों के परिजनों में कोहराम मच गया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य के लिए नमूना लिए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शवों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जाजपुर बंजारा निवासी रमाकांत शाक्य की पुत्री पूजा शादी मैनपुरी जिले के थाना भोगांव के सालमपुर गांव निवासी मुकेश के पुत्र गुलशन से तय हुई थी। शनिवार को रात करीब 11.30 बजे गुलशन बारात लेकर जाजपुर बंजारा गांव पहुंचे। इसमें गांव के रहने वाले धीरेंद्र का 13 वर्षीय पुत्र रितिक, उमेश का 13 वर्षीय पुत्र हरिओम व चचेरा भाई देशराज का पुत्र विनीत भी आया था।  

रात डेढ़ बजे बैंडबाजा के साथ दरवाजा हो रहा था। वहीं घर से 100 मीटर दूर रेलवे ट्रैक है। बारात चढ़ने के दौरान वहां से गुजरी ट्रेन की चपेट में आने से रितिक, हरिओम व विनीत की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इसकी भनक किसी को नहीं लगी। रविवार सुबह चार बजे गांव के महिलाएं खेत में शौच के लिए जा रही थी। उन्होंने रेलवे ट्रैक के किनारे तीन किशोरों के शव पड़े देखे, तो गांव में जानकारी दी।

इससे गांव में सनसनी मच गई और ग्रामीण दौड़ कर रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे। बारात में आए किशोरों के शव होने की जानकारी हुई, तब ग्रामीणों ने रमाकांत को घटना की जानकारी दी। वह बरातियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। बरातियों ने रितिक, हरिओम व विनीत का शव होने की शिनाख्त की। घटना की जानकारी उनके परिजन और पुलिस को दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर रोने बिलखने लगे। सीओ अरूण कुमार व कोतवाली पुलिस फोर्स के साथ मौके पर गए और घटना के संबंध में पूछताछ की।

फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य के लिए नमूने लिए। रमाकांत ने बताया कि रात करीब 11.30 बजे बारात आई थी। 12.30 बजे तक नाश्ता और भोजन होता रहा। 1.30 बजे बारात चढ़ रही थी। उसी दौरान यह हादसा हुआ है। इसकी जानकारी नहीं हो पाई। दूल्हे के चाचा सुधीर ने बताया कि बारात में आए बच्चों को कई बार रेलवे ट्रैक से हटने के लिए कहा, वह बुलाकर भी लाए। यह तीनों किस समय ट्रैक पर चले गए।

इसकी जानकारी भी नहीं हो पाई। नीब करोरी स्टेशन मास्टर आशुतोष कुणाल ने बताया  कि रात में डेढ़ बजे इज्जत नगर वाली स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन निकली थी, लेकिन किसी ने घटना की जानकारी नहीं दी थी। सुबह ट्रैक मैन ने तीन किशोरी की टेन की चपेट में आने मौत होने की सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य के लिए नमूना लिए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

इकलौता पुत्र था रितिक

मोहम्मदाबाद गांव सालमपुर निवासी धीरेंद्र घटना की जानकारी मिलने पर परिवार समेत जाजपुर बंजारा गांव पहुंचे। पुत्र का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। धीरेंद्र मजदूरी करते हैं। रितिक उनका एकलौता पुत्र था। उसकी मौत से घर का चिराग भी बुझ गया है। 

घर में बिना बताए आए थे चचेरे भाई 

मोहम्मदाबाद गांव सालमपुर निवासी उमेश का  पुत्र हरिओम और देशराज का पुत्र विनीत घर में बताए बिना बारात में चले आए थे। परिजन उनकी गांव में खोज कर रहे थे। रविवार सुबह दोनों की मौत की खबर मिलने पर परिजनों में चीत्कार मच गई। दोनों के परिजन रोते बिलखते हुए जाजपुर बंजारा गांव पहुंचे। शव देखकर परिजन चीख पुकार करते रहे।

संबंधित समाचार