बदायूं: बिरुआबाड़ी मंदिर में अब हाफ पैंट और मिनी स्कर्ट पहनकर नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु
बदायूं, अमृत विचार। हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र शहर का बिरुआबाड़ी मंदिर एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मंदिर कमेटी ने अमर्यादित कपड़े पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं पर रोक लगा दी है। अब कोई भी महिला या पुरुष कटी फटी जींस, हाफ पैंट और स्कर्ट पहनकर मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसको लेकर मंदिर गेट पर बाकायदा नोटिस बोर्ड लगा दिया गया है।
आधुनिकता की अंधी दौड़ में लोग भारतीय संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। फैशन की होड़ में लड़कियों और महिलाओं के कपड़े छोटे होते जा रहे हैं। पुरुष भी कटी-फटी जींस और हाफ पैंट पहनने में खुद गौरवान्वित महसूस करते हैं। इतना ही नहीं लोग नाइट सूट पनकर मंदिर जाने लगे हैं। मगर यह सब करके आने वाली पीढ़ी को क्या संदेश दे रहे हैं इस पर कोई सोचने को तैयार नहीं है? भारतीय संस्कृति से दूर भागते लोगों को सही दिशा दिखाने की पहल बिरुआबाड़ी मंदिर कमेटी की ओर से की गई है।
रविवार को बिरुआबाड़ी मंदिर गेट पर एक नोटिस बोर्ड लगाया गया। नोटिस बोर्ड पर साफ लिखा है-सभी महिलाएं एवं पुरुष मंदिर में मर्यादित वस्त्र पहनकर ही आयें। छोटे वस्त्र, हाफ पैंट, बर्मुडा, मिनी स्कर्ट, नाइट सूट, कटी-फटी जींस आदि पहनकर मंदिर के अंदर न आएं। केवल बाहर से ही दर्शन कर सहयोग करें। कृपया मंदिर में प्रवेश न करें। रविवार को जिन लोगों ने इस बोर्ड को देखा मंदिर कमेटी की पहल को अच्छा बताया।
समाज में तमाम लोग उल्टे सीधे कपड़े पहनकर आते जाते हैं। मंदिर सार्वजनिक स्थान है। यहां भी लोग अमर्यादित कपड़े पहनकर चले आते हैं। फैशन के चक्कर में लोग अपनी संस्कृति को पीछे छोड़ रहे हैं। यह आने वाली पीढ़ी के लिए ठीक नहीं है। श्रद्धालु अपनी संस्कृति को समझें और मर्यादा का पालन करें।- अभिमन्यु पांडेय, महंत बिरुआ बाड़ी मंदिर
ये भी पढे़ं- बदायूं: गंगा स्नान के दौरान डूबने से दो बच्चों की मौत, तीन को निकाला बाहर
