उन्नाव में संविदाकर्मी लाइन मैन का शव रखकर हंगामा, ट्रांसफार्मर की सीटी फटने से हुआ था घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में संविदाकर्मी लाइन मैन का शव रखकर हंगामा।

उन्नाव में संविदाकर्मी लाइन मैन का शव रखकर हंगामा। ट्रांसफार्मर की सीटी फटने से घायल हुआ था। इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हुई थी।

उन्नाव, अमृत विचार। 12 दिन पूर्व ट्रांसफार्मर की सीटी फटने से झुलसे लाइन मैन की रविवार को हुई मौत के बाद सोमवार को उसके परिजनों ने विद्युत कार्यालय के बाहर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ। परिजन मुआवजा समेत अन्य मांगें कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे विधायक व पुलिस अधिकारियों ने विद्युत अफसरों से वार्ता कर मुआवजा व अन्य मांगों पर सहमति बनवाई। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव लेकर चले गए। 

सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पीडी नगर में एक निजी विद्यालय के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में बीती 10 जून को खराबी आई थी। आपूर्ति बाधित होने की सूचना पर सरवन (30) पुत्र रामकुमार निवासी जवाहर खेड़ा अन्य स्टाफ के साथ मौके पर गया। ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत करने के बाद शटडाउन वापस कर लाइन चालू कराई गई। सरवन ट्रांसफार्मर के पास खड़ा फोन पर बात कर रहा था।

तभी तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर की सीटी फट गई। जब तक साथी कर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ट्रांसफार्मर का खौलता तेल उसके ऊपर गिर गया। जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया। जिला अस्पताल से उसे कानपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान बीते रविवार उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद सोमवार को परिजनों ने विद्यु़त कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। काफी देर तक कोई अफसर बाहर नहीं आया तो लोग और अक्रोशित हो उठे।

सूचना पाकर सदर विधायक पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे और परिजनो को शांत कराया। विधायक ने अधिशासी अभियंता प्रथम हेमेंद्र सिंह से बात की। जिसके बाद परिजनों व अधिशासी अभियंता के बीच विधायक की मध्यस्था में वार्ता हुई। फिर विभाग द्वारा पारिवारिक दुर्घटना के तहत पांच लाख की आर्थिक सहायता, 30 हजार अंतिम संस्कार के लिए दिए जाने के साथ ही पत्नी राधा को चार हजार प्रतिमाह पेंशन दिलवाने की बात पर समझौता हुआ। प्रतिमाह मिलने वाली पेंशन संविदा कर्मी को नियुक्त करने वाली फर्म द्वारा दी जाएगी।

संबंधित समाचार