Jalaun: डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन व भाजपाई हलकान, भीषण गर्मी को देखते हुए जनसभा में भीड़ जुटाना बड़ी चुनौती
जालौन में डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन व भाजपाई हलकान।
जालौन में डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन व भाजपाई हलकान। भीषण गर्मी को देखते हुए जनसभा में भीड़ जुटाना बड़ी चुनौती।
जालौन, अमृत विचार। मंगलवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का कार्यक्रम जिले में प्रस्तावित है। हैलीकॉप्टर से वह आएंगे और फिर टाउन हाल में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा विभागीय किसी कार्य का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। डिप्टी सीएम के इस कार्यक्रम को लेकर भाजपाई परेशान है तो प्रशासन भी हलकान है। गर्मी के इस मौसम में जनसभा के दौरान भीड़ जुटाना एक बड़ी चुनौती होगी। क्षेत्रीय सांसद केंद्रीय राज्यमंत्री के लिए भी यह परीक्षा की घड़ी है।
जन संपर्क अभियान के तहत प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों एक जनसभा आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में 20 जून मंगलवार को उरई के टाउन हाल मैदान में जनसभा का कार्यक्रम आयोजित है। इस जनसभा को संबोधित करने के लिए प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या आ रहे है। कार्यक्रम के संयोजक देवेंद्र यादव से लेकर क्षेत्रीय सांसद केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा के सामने इस भीषण गर्मी के मौसम में भीड़ जुटाना एक बड़ी चुनौती है। इसके पीछे के कारण तो बहुत से है लेकिन इस समय दो बिन्दु प्रमुख चर्चा में है।
माना जा रहा है कि पब्लिक से क्षेत्रीय सांसद की कनेक्टविटी बहुत ही कम है। इस लिहाज से उनके बुलावे पर चिलचिलाती धूप में लोगों के आने के आसार कम ही है। दूसरी बात पार्टी की गुटबाजी भी अहम बनी हुई है। एक ओर जहां टाउन हाल के मैदान को भरने की चुनौती है तो वहीं लोकसभा चुनाव के लिए क्षेत्रीय सांसद अपना शक्ति प्रर्दशन भी करने का प्रयास करेंगे।
भाजपाईयों की परेशानी अलग है और जिला प्रशासन और खासकर डिप्टी सीएम वाले विभाग के अधिकारियों की परेशानी अलग है। अधिकारियों को लग रहा है कि डिप्टी सीएम न जाने किस परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करने को पहुंच जाएं। हालांकि उ्हें वही परियोजना दिखाई जाएगी जिसे लेकर अफसर पूर्ण आश्वस्त होंगे।
स्थलीय निरीक्षण तो आसपास ही होगा
डिप्टी सीएम का जो कार्यक्रम घोषित है उसके लिहाज से विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करना है। एक जनसभा को संबोधित करना है। तय कार्यक्रम के अनुसार पूर्वन्ह 11 बजे उरई पुलिस लाइन में उनका हैलीकाप्टर लैंड करेगा।यहां से वह सीधे टाउन हाल जनसभा में पहुंच जाएंगे। इसके बाद परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करना है और दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन हैलीपैड पर भी पहुंचना है। एक घंटे के कार्यक्रम की वजह से तय माना जा रहा है कि वह उरई के आसपास या फिर उरई में ही किसी परियोजना का निरीक्षण करेंगे।
पूरे दिन चली तैयारियां
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम को लेकर सोमवार को पूरे दिन तैयारियां होती रहीं। ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर तथा सार्वजनिक उद्यम तथा राष्ट्रीय एकीकरण विभाग अपनी फाइलों को दुरुस्त करते रहे। वहीं दूसरी तरफ टाउन हाल में जनसभा के लिए पांडाल से लेकर मंच तक बनाने की तैयारी की गई।
