Auraiya News : पेड़ किनारे युवक अचेतावस्था में पड़ा मिला, डॉक्टर ने किया मृत घोषित, आधार कार्ड से हुई पहचान
औरैया में पेड़ किनारे युवक अचेतावस्था में पड़ा मिला।
औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत भाऊपुर के समीप एक पेड़ किनारे युवक अचेतावस्था में पड़ा हुआ देखा गया। राहगीरों द्वारा मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई।
औरैया, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत भाऊपुर के समीप एक पेड़ किनारे युवक अचेतावस्था में पड़ा हुआ देखा गया। राहगीरों द्वारा मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने युवक को गाड़ी द्वारा उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत कुबेर इंटरप्राइजेज में काम करने के लिए करीब एक सप्ताह पूर्व लखनऊ निवासी युवक रवी कुमार चौधरी पुत्र रामकृष्ण निवासी शीतला पुरम, राजाजी पुरम आया था। एक सप्ताह काम करने के उपरांत वह सोमवार की दोपहर में अपने घर जाने के लिए बस द्वारा निकला था। बताया जा रहा है कि युवक जैसे ही भाऊपुर के समीप पहुंचा कि तभी अचानक से उसकी हालत बिगड़ गई।
हालत बिगड़ने के बाद वह बस से उतर गया और सड़क किनारे लगे पेड़ के नीचे बैठ गया। वहां से गुजरे राहगीरों ने पेड़ किनारे युवक को लेटा हुआ देखा तो उनके द्वारा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में रवि कुमार चौधरी को 50 सैया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को युवक के सामान की तलाशी के दौरान उसके पास से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पाकर मृतक के बहनोई कुशालकांत निवासी हंसपुरम आवास विकास कालौनी कानपुर आए। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
