Farrukhabad में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले- तूफान आए, चाहे कोई व्यवधान डाले, मोदी ही बनेंगे प्रधानमंत्री
फर्रुखाबाद में उपमुख्यमंत्री की सभा में बारिश ने डाली खलल।
फर्रुखाबाद में उपमुख्यमंत्री की सभा में बारिश ने डाली खलल। बैनर पोस्टर लोगों ने उखाड़ लिए और सिर पर रखकर वहां से चले गए।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे होने पर सातनपुर मंडी में हुई जनसभा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तूफान आए, चाहे कोई डाले व्यवधान, लेकिन 2024 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता है। इस बार यूपी में 80 सीटों पर भाजपा का कब्जा होगा, यह जनसभाओं में होने वाले जन सैलाव से साफ नजर आ रहा है। बारिश होने के कारण उपमुख्यमंत्री के भाषण के बीच में लोग जनसभा से उठकर चल दिए। धीरे-धीरे लोगों को जाता देखकर उप मुख्यमंत्री ने अपने भाषण पर विराम लगा दिया।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बारिश के कारण जिले में पौन घंटे ले आए। पुलिस लाइन मैदान में 3.16 बजे उनका हेलीकाप्टर उतरने पर सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता, डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा ने बुके देकर स्वागत किया। पुलिस लाइन मैदान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहां से कार द्वारा सातनपुर आलू मंडी में जनसभा में पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। 3.30 बजे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा को संबोधित करना शुरू किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में नौ साल पूरे होने पर हर विधानसभा क्षेत्र में जन सभाएं की जा रही है। हर जगह जन सैलाव उमड़ रहा है। मेरे सवागत की जरूरत नहीं है, पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं की जनता का स्वागत करना चाहिए।

जन सैलाव को देखकर लग रहा है कि 2024 के चुनाव में चाहे तूफान आए या कोई व्यवधान डाले, लेकिन नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता है। केंद्र सरकार ने चार करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास दिए। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, 50 करोड़ से अधिक लोगों का जनधन खाता खुलवाया है। 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में भिजवाने का काम किया है। गरीब कभी इलाज के लिए इधर- उधर उधार रुपये मांगता था, लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार ने गरीबों को पांच लाख रुपये तक का इलाज कराने के लिए आयुष्मान कार्ड जारी कर दिया है। ताकि गरीबों को इलाज के लिए किसी से कर्ज न लेना पड़े।
उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गरीबों के घरों में बिजली का बल्ब नहीं जलता था। वह कुप्पी जलाकर घर में रोशनी करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घर-घर बिजली पहुंचाने का काम किया है। आज हर घर में बल्ब जलता है। पानी के लिए पहले लोग विधायक से हैंडपंप लगवाने की मांग करते थे। इसको देखकर प्रधानमंत्री ने जल जीवन योजना चालू कर घर-घर पाइप लाइन से पानी पहुंचाने का काम शुरू कराया। इसका लाभ भी लोगों को मिलने लगा है। रामपुर में आजम खां की सीट को भी भाजपा ने छीन लिया है। 2022 के चुनाव में विपक्षी के गुंडे फिर से चुनाव मैदान में उतर आए थे, लेकिन जनता ने उनको हराकर भाजपा को जीत दिलाई, क्योकि भाजपा ने गुंडा राज समाप्त कर दिया है।
अब भ्रष्टाचार नहीं हैं, लोकसभा चुनाव 2024 में प्रदेश में भाजपा 80 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उपमुख्यमंत्री के भाषण के दौरान झमाझम बारिश होने से जनसभा में आए लोग उठकर चल दिए। भाजपा नेताओं ने उनको रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रूके। कुछ पल में सभा स्थल की काफी कुर्सी खाली हो गई। यह देखकर उपमुख्यमंत्री ने अपने भाषण को विराम दे दिया। इस दौरान हिमांचल प्रदेश के विधान सभा सदस्य इंदर सिंह गांधी, प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह, सांसद मुकेश राजपूत, एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
