परीक्षार्थियों को मिले रोडवेज बसों की बेहतर सुविधा, सुरक्षित गन्तव्य तक पहुंचायें : अन्नपूर्णा गर्ग
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 26,27 जून को परीक्षा
लखनऊ, अमृत विचार। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आगामी 26 व 27 जून को आयोजित परीक्षा के दृष्टिगत आवागमन के उचित प्रबंध करने के लिए व तैयारियों के लिए मंगलवार को अपर प्रबंध निदेशक रोडवेज अन्नपूर्णा गर्ग ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों,सेवा प्रबंधकों सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दी।
उन्होंने कहा है कि प्रदेश के 20 जनपदों अलीगढ़, आगरा, आजमगढ़, प्रयागराज समेत अन्य जनपदों में उक्त परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिसमें कुल 14,27,172 अभ्यर्थी सम्मिलित हो रहे हैं। ऐसे जनपद जहां पर उक्त परीक्षा का आयोजन नहीं किया जा रहा है उन जनपदों से भी परीक्षार्थी नके परिजनों का परीक्षा केन्द्रों पर एक से दो दिन पूर्व ही आवागमन शुरु हो जायेगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों परिजनों के आवागमन के दृष्टिगत परिवहन निगम के सभी अधिकारी कर्मचारी अपने-अपने स्तर से तैयारी करें। ट्रेनों में समर भीड़ को देखते हुये लोग बस सेवा का उपयोग अधिक करेंगे ऐसे में उनके आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो परीक्षार्थियों को सुरक्षित ससमय गन्तव्य तक पहुंचाना परिवहन निगम की जिम्मेदारी है।
अपर प्रबंध निदेशक ने क्षेत्रीय प्रबंधकों को परीक्षा के लिए परिवहन व्यवस्था के लिए क्षेत्रीय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि सुरक्षा आदि व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर तैनात स्टेशन इंचार्ज व अन्य सुपरवाइजर यह सुनिश्चित करेंगे कि आवागमन के लिए अभ्यर्थियों को बस उपलब्ध हो।
जनपदों के बस स्टेशन पर पूछताछ कक्ष, टी-स्टाल, वाटर कूलर,खानपान की व्यवस्था 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित रहे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत अलग से हेल्प लाइन नं-8114277777 परिवहन निगम द्वारा उपलब्ध रहेगी। साथ ही निगम का सामान्य हेल्पलाइन नं-18001802877 भी उपलब्ध रहेगी। बस स्टेशन पर शौचालय की स्वच्छता सुनिश्चित करायें एवं पेयजल की व्यवस्था किसी भी कारण से बाधित न रहे।
ये भी पढ़ें -दो पहिया वाहन चालकों को बीआईएस हेलमेट पहनना करें अनिवार्य : परिवहन आयुक्त
