बदायूं: जिला अस्पताल में मरीजों का झाड़फूंक से इलाज, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीएम ने मामले की जांच सीएमओ को सौंपी, एलआईयू ने शुरू की छनबीन

बदायूं, अमृत विचार। शहर के जालंधरी सराय मोहल्ले का कथित तांत्रिक जिला अस्पताल में मरीजों का झाड़ फूंक से इलाज करता था। इसका वीडियो वायरल होने पर डीएम ने मामले की जांच सीएमओ को सौंप दी है। उधर, मामला संज्ञान में आने पर एलआईयू ने भी मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

जिला अस्पताल परिसर में नई इमरजेंसी वार्ड के पीछे मजार है। शहर के मोहल्ला जालंधरी सराय निवासी एक व्यक्ति जिला अस्पताल परिसर में बनी मजार की साफ सफाई करने के साथ देखरेख करता है। वह जिला अस्पताल के‘पोषण पुनर्वास केंद्र’(एनआरसी) और हडडी वार्ड में जाकर वहां भर्ती मरीजों की झाड़फूंक करता था।

कथित तांत्रिक झाड़फूंक के बदले मरीज के तीमारदारों से रुपये लेता है। किसी ने इसका वीडियो बनाने के बाद सोमवार रात सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले से जुड़े तीन वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें एक तांत्रिक एनआरसी में अलग-अलग बिस्तर पर भर्ती बच्चों व मरीजों के पास जाकर झाड़-फूंक से उनका कथित इलाज करता नजर आ रहा है।

यह वीडियो एनआरसी और आपात चिकित्सा वार्ड का बताया जा रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों व उनके तीमारदारों के अनुसार अस्पताल में सुबह-शाम कथित तांत्रिक इलाज करने आता है। मंगलवार की दोपहर वीडियो की जानकारी डीएम मनोज कुमार के पास तक पहुंच गया। डीएम ने मामले की जांच सीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार को दे दी, जिससे दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार दोपहर यह मामला हमारे संज्ञान में आया है। सीएमओ को तत्काल मामले की जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया और शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा गया है। इस मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। इस मामले में दोषी अस्पताल प्रशासन व एनआरसी वार्ड में तैनात कर्मचारियों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी---मनोज कुमार, डीएम ।

अस्पताल वालों को पहने से थी कथित तात्रिक के आने की जानकारी 
जिला अस्पताल के वार्डों में कथित तांत्रिक के झाड़ फूंक से इलाज करने की जानकारी डॉक्टरों और स्टाफ सबको थी। मगर किसी ने इस पर गौर नहीं किया। ना ही कभी उसे अस्पताल में आने से रोका गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू हुई तो खलबल मच गई। इसके बाद से कथित तांत्रिक लापता हो गया।

जिला अस्पताल कर्मियों ने बताया कि यहां एक पुरानी मजार है। जहां शहर के जालंधरी सराय का एक मौलवी सफाई करने आता है। मजार की साफ सफाई करने के बाद वह मरीजों के सिर पर हाथ रखकर ठीक होने की दुआ करता है। झोली फैला कर पैसे मांगता है। उसकी हालत देख कर लगता है कि वह मानसकि रोगी है। 

पोषण पुनर्वास केंद्र में तैनात स्टाफ नर्स इरम सिददीकी ने बताया कि मजार पर सफाई करने वाला व्यक्ति वार्ड में आता रहता था। वह मरीजों के सिर पर मोर पंख मारकर कुछ बुदबुदाता था। इसके बाद वह झोली फैलाकर पैसे मांगता था। तीमारदार स्वेच्छा से रुपये देते थे। अगर कोई नहीं देता तो वह कुछ नहीं  कहता था। वह काफी दिनों से घूमता रहता था। वीडियो वायरल होने के बाद से वह दिखाई नहीं दिया है।  

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि झाड़ फूंक करने वाला मौलवी मानसकि रोगी दिखता है। वह मरीजों और तीमारदारों से पैसे मांगने के लिए इस तरह का ढोंग करता है। सीएमएस का कहना है कि उन्होंने स्टाफ से कह दिया है कि मौलवी अब वार्ड में दिखाई दे तो उसे बाहर कर दें।

यह भी पढ़ें- बदायूं: बिरुआबाड़ी मंदिर में अब हाफ पैंट और मिनी स्कर्ट पहनकर नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु

संबंधित समाचार