International Yoga Day 2023 : योगमय हुई रामनगरी, गांवों तक रही धूम
राम की पैड़ी पर हुआ मुख्य आयोजन, सांसद व उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ
अयोध्या, अमृत विचार। राम की पैड़ी पर बुधवार को नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया, जहां आध्यात्मिक परिवेश, शांत वातावरण और कल- कल बहती सरयू किनारे पहुंचे जनप्रतिनिधि, अधिकारियों व अन्य लोगों ने करो योग-रहो निरोग का संदेश दिया। मुख्य अतिथि के रूप में जनपद प्रभारी व उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सांसद लल्लू सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर मेयर गिरीशपति त्रिपाठी मौजूद रहे।
सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में भारतीय योग पूरी दुनिया में अपना परचम लहरायेगा। मंत्री धन सिंह रावत ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार प्रकट करते हुए कहा कि धर्मनगरी अयोध्या में उन्हें योग दिवस में सम्मिलित होने का अवसर मिला है। तकरीबन एक घंटे तक चले योग के दौरान एक हजार लोग राम की पैड़ी पर पहुंचे थे। मंडलायुक्त गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी मुनिराज जी, सीडीओ अनिता यादव सहित प्रशानिक अधिकारी व भाजपा नेताओं ने योग किया।
पूर्व महापौर ने किया योग, लोगों को बताए योग के फायदे
अयोध्या के प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने सीताकुंड स्थित अपने निजी आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ योग किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को योग के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को प्रतिदिन योग करना चाहिए। स्थानीय पार्षद विनय जायसवाल, शक्ति केंद्र संयोजक अवध बिहारी साहू सहित बूथ अध्यक्ष व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -International Yoga Day 2023 : परिषदीय स्कूलों में जैसे - तैसे निपटा योग दिवस, प्रोटोकॉल की उड़ी धज्जियां
