रामपुर : साहब! ये टूटी पुलिया नहीं...मौते के गड्ढे हैं
शाहबाद-पटवाई रोड के किटप्लाई जाने वाले रास्ते पर टूटी है पुलिया, कई बार अधिकारियों को लोग दे चुके ज्ञापन
रामपुर, अमृत विचार। साहब! ये टूटी पुलिया नहीं...मौते के गड्ढे हैं। दरअसल, यह हम नहीं क्षेत्रवासी कह रहे हैं। किटप्लाई रोड पर बने श्मशान घाट के पास करीब तीन माह से पुलिया टूटी पड़ी है। इससे लोगों को अपने वाहन निकालने में काफी परेशानी आ रही है। कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देकर अवगत कराया जा चुका है लेकिन उसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने से लोग परेशान हैं। इसके बाद भी अधिकारी कान में तेल डालकर बैठे हैं।
शाहबाद-पटवाई रोड के किटप्लाई जाने वाले रास्ते पर काफी पुराना श्मशान घाट बना हुआ है। वहां पर लोग मृतकों का अंतिम संस्कार करने आते हैं। उससे कुछ दूरी पर बनी पुलिया पिछले तीन माह से टूटी पड़ी हैं। इससे लोगों के वाहन तक नहीं निकल पाते हैं, अंतिम संस्कार में जाने के लिए लोगों को अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करके जाना पड़ता है। जिससे वहां पर जाम भी लग जाता है। पुलिया की मरम्मत सही कराने के लिए कई बार मोहल्लेवासियों ने अधिकारियों को अवगत कराया है, लेकिन उसके बाद भी अभी तक पुलिया का निर्माण नहीं हो सका है। रात के समय हादसे होने का खतरा बना रहता है। कई बाइक सवार गिरकर घायल भी हो चुके हैं लेकिन उसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
चार पहिया का आवागमन भी ठप
पुलिया टूटी होने के कारण मोहल्लेवासी काफी परेशान हैं। उनको अपने वाहनों को किसी दूसरे के घर में खड़ा करके जाना पड़ता है। मकान स्वामी अपने बच्चों तक को उस पुलिया के पास जाने तक से रोकते हैं कि कही कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाए।
पिछले तीन माह से श्मशान घाट के रास्ते को जाने वाली पुलिया टूटी पड़ी है। वहां से निकलने में काफी परेशानिया आती हैं। रात के अंधेरे में हादसा होने का खतरा बना रहता है। - प्रमोद शर्मा, ज्वालानगर।
इस बारे में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अवगत कराया था। उन्होंने जल्द ही पुलिया की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। ताकि लोगों की समस्या का हल हो सके। - अवतार सिंह, समाजसेवी।
शहर में कोई पुलिया टूटी नहीं है। न ही किसी ने शिकायत की है। अगर, कहीं कोई पुलिस टूट गई है तो संबंधित जेई से निर्देशित कर काम कराया जाएगा। - अमित राजपूत, सहायक अभियंता, निर्माण खंड
ये भी पढ़ें : रामपुर : आखिर किस बात पर ग्रामीण को लाठी डंडों से पीटकर कर दिया लहूलुहान, जानिए पूरा मामला
