Kanpur Dehat: चर्च में धर्मातरण की आंशका को लेकर बजरंगियों ने हंगामा कर की तोड़फोड़, अधिकारी मौके पर पहुंचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में निर्माणाधीन चर्च में धर्मातरण की आंशका को लेकर बजरंग दल का हंगामा।

कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन चर्च में धर्मातरण की आंशका को लेकर बजरंग दल ने हंगामा कर तोड़फोड़ भी की।

कानपुर देहात, अमृत विचार। अकबरपुर क्षेत्र के शहजादपुर के पास निर्माणाधीन ईसाई स्कूल व चर्च में धर्मांतरण की आशंका को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की। सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अकबरपुर क्षेत्र के शहजादपुर गांव के पास कानपुर-इटावा हाइवे किनारे ईसाई मिशनरी का स्कूल व चर्च कई महीनों पहले बन रहा था। जिसपर लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया था, लेकिन कार्य होने की जानकारी पर शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। इसी दौरान कुछ लोगों ने परिसर में जाकर तोड़फोड़ कर दी।

बजरंग दल प्रांत संयोजक आचार्य अजीतराज ने कहा कि केडीए व जिला प्रशासन की मिलीभगत से अवैध रूप से चर्च का निर्माण हो रहा है। जिसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। जबकि विहिप व बजरंग दल की जिला इकाई की ओर से लगातार जिला प्रशासन को जनमानस के विरोध के बावत अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत करने पर दिन में कम बंद करा दिया जाता है, लेकिन रात को धड़ल्ले से कार्य होता है।

जानकारी पर एसडीएम सदर डॉ. पूनम गौतम, सीओ अरुण कुमार सिंह, कोतवाल सतीश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन चर्च के बाहर हंगामा कर रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इस दौरान संगठन के गौरव द्विवेदी, विभाग मंत्री धर्मेंद्र द्विवेदी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

शहजादपुर गांव के पास बन रहे स्कूल व चर्च के बावत पूर्व में शिकायत पर उसे सील करा दिया गया था। अगर दोबारा से कार्य कराया जा रहा है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. पूनम गौतम (एसडीएम अकबरपुर)

निर्माणाधीन चर्च के शिखर पर फहराया भगवा

चर्च का निर्माण कार्य जारी होने की जानकारी पर बड़ी संख्या मंे पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गेट पर रोकने की कोशिश की। जिसपर पुलिस कर्मियों व बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान कुछ लोग चर्च के अंदर घुस गए और शिखर पर भगवा फहरा दिया।

निर्माण ध्वस्त करने को दस दिन का अल्टीमेटम

शहजादपुर गांव के पास निर्माणाधीन चर्च को ध्वस्त करने के लिए बजरंग दल पदाधिकारियों ने दस दिनों का अल्टीमेटम दिया है। बजरंग दल प्रांत संयोजक आचार्य अजीतराज ने कहा कि या तो प्रशासन दस दिनों में अवैध चर्च के निर्माण को ध्वस्त करे। अन्यथा 4 जुलाई को बजरंग दल कार्यकर्ता उसी स्थान पर हनुमान चालीसा पाठ के साथ ही बड़े आंदोलन का शुभारंभ करेंगे।

संबंधित समाचार