Banda Murder: प्रेम प्रसंग के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या, महिला से दो साल से थे अवैध संबंध, जानें- पूरा मामला
बांदा में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या।
बांदा के कोतवाली देहात में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवक का महिला से दो साल से अवैध संबंध थे।
बांदा, अमृत विचार। प्रेमिका के बुलावे पर घर पहुंचे प्रेमी को परिजनों ने दबोच लिया। उसके हाथ-पैर और सीने पर रस्सी बांध दी। इसके बाद दोहत्थी लाठी से वार किए। इतना ही नहीं उसके सिर के कुछ हिस्से के बाल भी छुरे से काट दिए। बेहरमी के साथ पिटाई करते हुए प्रेमी की हत्या कर दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। खबर पाकर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और फोरेंसिक टीम, डाग एस्कवायड भी मौके पर पहुंच गए। एसपी का कहना है कि चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला व उसके पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव निवासी नंदकिशोर उर्फ नंदू वर्मा (30) पुत्र बाबू वर्मा का पड़ोस की ही एक विवाहित युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार की रात युवक युवती के बुलाने पर उसके घर पहुंच गया। युवती के परिजनों ने नंदकिशोर को दबोच लिया। पहले रस्सी से उसके हाथ-पैर और सीने को बांध दिया। इसके बाद उसकी लाठियों से जमकर पिटाई की गई।
इतना ही नहीं उसके सिर के कुछ हिस्से के बाल भी छुरे से काट दिए गए। नंदू मरणासन्न हो गया। इसके बाद युवती के परिजनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए यह सूचना दी कि रात में उनके घर में चोर घुस आया था। उसे मारपीट कर जख्मी कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पीआरबी 112 ने घायल नंदकिशोर को उठाकर जिला अस्पताल में दाखिल कराया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन फोरेंसिक टीम और डाग एस्कवायड के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के ताऊ जगमोहन वर्मा ने बताया कि नंदकिशोर पांच भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह मजदूरी करता था। रात को बांदा से ईंटा उतारने के बाद वह घर आया। घर पहुंचने से पहले ही महिला ने उसे फोन करके अपने घर बुला लिया। महिला के ही घरवालों ने नंदकिशोर को मारपीट कर मार डाला।
घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब जगमोहन सुबह चाय पीने के लिए दुकान पहुंचा, तब गांव वालों ने बताया कि उसके भतीजे की हत्या कर दी गई है। सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि पहले सूचना मिली थी कि घर में चोर घुस आया था। उसे मारा पीटा गया है। बाद में गहराई से जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि मृतक युवक का पड़ोस में रहने वाली विवाहित महिला से दो वर्ष से संबंध थे। चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
