Chitrakoot News : कैसा फ्री जोन, थमने का नाम नहीं ले रहे विवाद, पार्किंग के विवाद के बाद फिर उठी आवाजें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में पार्किंग के विवाद के बार फिर आवाजें उठी।

चित्रकूट में तीर्थक्षेत्र में मप्र और उप्र के अंतर्गत आने वाले धार्मिक स्थलों में आएदिन विवाद हो रहे हैं। पार्किंग के विवाद के बाद फिर आवाजें उठी।

चित्रकूट, अमृत विचार। तीर्थक्षेत्र में मप्र और उप्र के अंतर्गत आने वाले धार्मिक स्थलों में आएदिन विवाद हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कहने को तो आएदिन जनप्रतिनिधि इसे फ्रीजोन घोषित किए जाने का दावा करते हैं पर न तो इसका जमीनी स्तर पर कोई फायदा मिल रहा है और न कोई अधिकारी इस संबंध में पुख्ता जानकारी दे पा रहा है। 

बीते दिनों हनुमानधारा में पार्किंग को लेकर हुआ विवाद इस बात को साबित करता है कि धार्मिक स्थलों पर अवैध वसूली और उगाही की जड़े कितनी गहरी हैं। दबंग युवक बाहर से आने वालों से मारपीट और गालीगलौज तक को उतारू हो जाते हैं और पुलिस भी सामान्य कार्रवाई करके परोक्ष रूप से इस तरह की अराजकता को बढ़ावा ही देती है।

इसी तरह निर्मोही अखाड़े के पास टेंपो-टैक्सी वालों ने बाकायदा यूनियन बना रखी है। क्या मजाल कोई वाहन, बिना इनकी अनुमति इधर से उधर चला जाए। यहां पर मप्र पुलिस का और रामघाट के पास यूपी पुलिस का शायद ही कभी कोई कर्मचारी नजर आए।

विवाद के बाद ठेका निरस्त

अक्सर बाहरी होने की वजह से श्रद्धालु विवाद-मारपीट की रिपोर्ट नहीं लिखाते और इसका फायदा दबंग उठाते हैं। हालांकि हनुमान धारा में हुए विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर परिषद चित्रकूट सतना (मप्र) ने राधे ट्रेडर्स खुटहा कर्वी (प्रो. प्रदीप तिवारी) का ठेका निरस्त कर दिया है। इसमें कहा गया है कि 22 जून का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कर्मचारियों द्वारा ठेके की निर्धारित दर से अधिक अवैध वसूली करने व श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने से संस्था की छवि धूमिल हो रही है। कई बार इस संबंध में लिखित और मौखिक सचेत भी किया जा चुका है। ऐसे में हनुमान धारा में वाहन पार्किंग का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। उन्होंने प्रभारी राजस्व निरीक्षक प्रभात सिंह को निर्देश दिए हैं कि वह कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर तत्काल विभागीय वाहन पार्किंग वसूली कराएं।     

स्थानीय लड़कों की जारी है दबंगई

बताया जाता है कि हनुमान धारा में यात्रियों के साथ खुले आम गुंडागर्दी करने वाले लड़कों की संख्या 6-7 है। ये यहीं रहते हैं। खास तौर पर वाहनों के नंबर से ये जान लेते हैं कि ये  बाहर के वाहन हैं और उनसे मनमानी उगाही करते हैं। आयेदिन गालीगलौज और मारपीट के मामले सामने आते हैं पर सब कुछ दबा लिया जाता है।

संबंधित समाचार