बरेली कॉलेज में स्नातक में प्रवेश पंजीकरण शुरू, जानें डिटेल्स

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रवेश में देरी से बचने के लिए कॉलेज ने पुराने पोर्टल पर ही अभी शुरू किए पंजीकरण

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में स्नातक में बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए शुक्रवार से पंजीकरण शुरू हो गए। प्रवेश प्रक्रिया में देरी से बचने के लिए कॉलेज प्रशासन ने अभी पुराना पोर्टल ही पंजीकरण के लिए खोला है। नई एजेंसी का टेंडर 30 जून को होना है। जिसमें यदि पुरानी एजेंसी को ठेका मिलता है तो कोई दिक्कत नहीं और नई एजेंसी को ठेका मिलता है तो छात्रों का डाटा नए पोर्टल पर ट्रांसफर कर दिया जाएगा। कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम की 4480 सीटें हैं। ईडब्ल्यूएस कोटे की सीटें मिलाकर 4928 सीटें हैं।

एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 17 जून से प्रवेश पंजीकरण शुरू किए हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की है। विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पंजीकरण कराने के बाद छात्रों को कॉलेज में पंजीकरण कराकर प्रवेश लेना है।

विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के बाद कई महाविद्यालयों ने पंजीकरण शुरू कर दिए लेकिन बरेली कॉलेज में पहले 30 जून के बाद एजेंसी का टेंडर होने के बाद पंजीकरण की बात कही गई। हालांकि कॉलेज में स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमों बीबीए, बीसीए और बीकॉम ऑनर्स में प्रवेश पंजीकरण 20 जून शुरू कर दिए।

मुख्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश में देरी से कॉलेज प्रशासन चिंता में आ गया। कई शिक्षकों ने कहा कि यदि देर में प्रवेश पंजीकरण शुरू किए तो छात्र दूसरे कॉलेजों में प्रवेश ले लेंगे और कॉलेज की सीटें भरनी मुश्किल हो जाएंगी। जिसके बाद कॉलेज ने पुराने पोर्टल पर ही शुक्रवार से पंजीकरण शुरू कर दिए।

बरेली कॉलेज की मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया गया है। छात्र विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पंजीकरण कराकर कॉलेज के पोर्टल पर 8 जुलाई तक पंजीकरण करा सकते हैं। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत प्रवेश पंजीकरण के लिए पोर्टल खोल दिया गया है।

कॉलेज में सीटें- बीए-1840, बीकॉम-1040, बीएससी जीव विज्ञान-720, बीएससी गणित-880।

यह भी पढ़ें- बरेली: कलेक्ट्रेट में पार्षद और सभासद डालेंगे वोट, 25 को होगा मतदान

संबंधित समाचार