मुरादाबाद : प्री मानसून की बारिश में खुली स्मार्ट सिटी में जलनिकासी व्यवस्था की पोल, सड़कों के गड्ढे में पानी भरने से हादसे की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोनकपुर स्टेडियम रोड, रामगंगा विहार फेज एक, आशियाना सहित अन्य कॉलोनियों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित

सोनकपुर स्टेडियम रोड पर बरसात के बाद सड़क पर भरा पानी।

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्री मानसून की बारिश में ही स्मार्ट सिटी में जलनिकासी व्यवस्था की पोल शनिवार को खुल गई। सुबह 10:30 बजे के करीब तेज बारिश से जहां गर्मी से तो लोगों को थोड़ी राहत मिली। लेकिन नाला-नालियों की ठीक से सफाई न होने से जल निकासी नहीं हो पाया। जिससे महानगर के कई मोहल्ले की सड़कों पर पानी भर गया। सीवरेज पाइपलाइन डालने के कार्य  वाली सड़कों की खोदाई से गड्ढों में पानी भरने से हादसे की आशंका बढ़ गई। 

प्री मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी व उमस से फौरी राहत मिली तो सभी के चेहरे खिले। लेकिन नगर निगम की लचर कार्यशैली ने पहले ही दिन स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाओं की कलई खोल दी। बरसात से पहले नाला सफाई के लिए पिछले दिनों नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद भी स्थिति बदतर रही। जिसका नजारा महानगर के नागरिकों ने देखा। सोनकपुर स्पोर्टस स्टेडियम वाली रोड पर सीवरेज कार्य के चलते सड़क खोदाई कर छोड़ दिया गया है। कई जगह काम भी चल रहा है।

बारिश का पानी इन गड्ढों में भरने से आवागमन में भी परेशानी हुई। लोगों को यह डर था न जाने उनके वाहनों के पहिए किस गड्ढे में घुस जाए और गिर कर चोटिल हो जाएं। कई दोपहिया वाहन चालक फिसले भी लेकिन गनीमत रही कि उनको गंभीर चोट नहीं लगी। यही स्थिति रामगंगा विहार फेज एक, आशियाना फेज एक व दो की भी रही। इसके अलावा कांठ रोड, सिविल लाइंस में भी कई जगह बारिश का पानी भरने से नाले की गंदगी सड़क पर पसर गई। लोगों को गंदगी के बीच आवाजाही करनी पड़ी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: नानकबाड़ी में मिले गोवंश के अवशेष, बजरंग दल कार्यकर्ता आक्रोशित

संबंधित समाचार