रामपथ : डक्ट खोदते-खोदते खोद डाली 150 घरों की पाइप लाइन, भीषण गर्मी में पानी को लेकर हाहाकार
सीवर लाइन बिछाने से पहले खोदे गए नालों में भर गया है पानी
अयोध्या, अमृत विचार। रामपथ निर्माण के लिए दिसम्बर तक की मियाद ने निर्माण एजेंसी के हाथ खोल दिए हैं। तेजी से काम निपटाने के फेर में एजेंसी द्वारा अनाप-शनाप तरीके से कार्य किया जा रहा है। इसी लापता के चलते निर्माण एजेंसी के कारिदों ने डक्ट खोदते - खोदते करीब 150 घरों की पाइप लाइन ही खोद डाली। जिसके चलते नियावां और शास्त्रीनगर क्षेत्र में भीषण गर्मी में पानी को लेकर हाहाकार मच गया है।
बता दे नियावां - गुदड़ीबाजार रोड पर निर्माण एजेंसी आर एंड सी द्वारा खोदे गए डक्ट को गहरा करने का काम किया जा रहा है। शनिवार को सुबह खोदाई शुरू हुई तो मजदूरों ने ताबड़तोड़ हाथ चलाने शुरू कर दिए। नतीजा हड़बड़ी में पाइप लाइन ही खोद कर उखाड़ दी। नतीजा आसपास के करीब डेढ़ सौ घरों में जलापूर्ति बाधित हो गई। पाइप लाइन खोदे जाने की जानकारी तब हुई जब प्रभावित लोगों ने नगर निगम के जलकल के अधिशासी अभियन्ता अनूप सिंह से शिकायत की। वहां से लोगों को बताया गया कि पाइप लाइन टूटने से जलापूर्ति बाधित है, दुरुस्त किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
शास्त्रीनगर के निवासी मनोज परमार, रघुनंदन चौरसिया और सूर्यभान तिवारी ने बताया कि सुबह से जलापूर्ति बाधित है। उन्होंने बताया कि आईसीआईसीआई बैंक के सामने जाकर देखा गया तो खोदे गए डक्ट में पाइप लाइन टूटी थी। लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी में दो बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। इस संबंध में निर्माण एजेंसी आर एंड सी के इंजीनियर प्रदीप शुक्ला से बात की गई तो उनका जवाब था निर्माण के दौरान यह दिक्कतें स्वाभाविक हैं। उन्होंने कहा कि जलकल वाले आकर टूटी पाइप लाइन की मरम्मत करेगें।
निर्माण में लापरवाही से खोदे गए नालों में भरा रहा है पानी
एक ओर रामपथ निर्माण को लेकर तेजी दिखाई जा रही है वहीं खोदे जान के बाद सीवर लाइन न बिछाने से खोदे गए नालों में पानी भर गया है। रिकाबगंज नियावां रोड पर दो स्थानों पर खोदा गया नाला पानी से लबालब भरा है। जिसके चलते इन नालों में सीवर लाइन बिछाने का काम मुश्किल होगा। लोगों ने बताया कि करीब दो महीने पहले ही नाला खोद कर छोड़ दिया गया। यदि सीवर लाइन तत्काल बिछा दी जाती तो दिक्कत न आती। इसी तरह गुदड़ीबाजार रोड पर भी नालों में पानी भरा हुआ है। अंगूरीबाग के निकट नाला ऊपर तक पानी से भरा हुआ है जिसका पानी सड़क पर बह रहा है। जिसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : खनन निरीक्षक के बेटे के अपहरण की कोशिश में तीन युवक गिरफ्तार
