रायबरेली: गोली मारकर युवक का अर्धनग्न शव नदी में फेंका, आशनाई में हत्या किए जाने का आरोप, जानें पूरा मामला
सलोन, रायबरेली, अमृत विचार। प्रतापगढ़ के एक युवक की आशनाई के चक्कर मे गोली मारकर नृशन्स हत्या कर दी गयी। हत्यारे शव को सलोन परशदेपुर मार्ग स्थित सई नदी पुल के नीचे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला। युवक के कनपटी पर गोली मारी गई है। मामले में दो लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
शनिवार सुबह नौ बजे केशवापुर गांव स्थित सई नदी पुल के नीचे युवक का अर्धनग्न अवस्था मे शव उतराता दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाल नारायण कुशवाहा और एसएसआई नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। शव को पानी से निकाला गया। इसके बाद शव की पहचान के लिए सोशल मीडिया पर मृतक की फ़ोटो वायरल की गई।
करीब एक घण्टे बाद उदयपुर थाने की पुलिस ने सलोन पुलिस से सम्पर्क साधकर शव की शिनाख्त सोनू उर्फ दीपक सिंह(25 वर्ष ) पुत्र सुरेश सिंह निवासी बसावन का पुरवा मजरे रहाटीकर के रूप में की गई। कोतवाल उदयपुर के मुताबिक मृतक अपने ननिहाल में मामा दिनेश सिंह के यहां रहता था। आशनाई के चक्कर मे युवक की हत्या गांव से दो सौ मीटर की दूरी पर गई है।
इसके बाद शव को सलोन स्थित सई नदी पुल से फेंक कर हत्यारे भाग निकले है। मृतक के चाचा शेषनारायण की तहरीर पर गांव के रंजीत और अंकित के नाम हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।सलोन कोतवाल ने बताया कि हत्या उदयपुर थाना क्षेत्र में हुई है। इसलिए मुकदमा वही लिखा जा रहा है।शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
गांव के पास भट्ठे पर खून से सने कपड़े बरामद
उदयपुर थाना क्षेत्र के बसावन का पुरवा गांव के पास एक ईंट भट्ठे के निकट मृतक का लोवर और टीशर्ट पुलिस ने बरामद किया है। दोनों कपड़े खून से सराबोर है। पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए कपड़े यहां फेंके गए, जबकि शव को दूर नदी में फेंका गया है। मृतक के शरीर पर अन्य चोट के निशान यह बता रहे हैं कि उसे गोली मारने से पहले पूरी तरह पीटा गया है।
ननिहाल में पड़ोस की लड़की से थे संबंध
मृतक सोनू उर्फ दीपक ग्रह निवास करौंदीघाट थाना अंतु जनपद प्रतापगढ़ है।पिता सुरेश सिंह चंडीगढ़ में सरकारी मुलाजिम है। मृतक अपनी माँ कृष्णा देवी भाई मोनू और पिता के साथ चंडीगढ़ में रहता था। 6 माह पूर्व अपने मामा दिनेश सिंह के बेटे के निकासन में पूरे बसावन गांव आया हुआ था। तब से युवक यही रहने लगा था। इसी बीच उसकी मुलाकात पड़ोस की एक युवती से हुई और उससे दिल लगा बैठा। इसके बाद दोनों छुप-छुप कर मिलने लगे। जिसकी जानकारी लड़की के परिजनों को हो गई।
लड़की के पिता की धमकी के बाद गायब हुआ था मृतक
मृतक शुक्रवार की रात घर से गायब था। सलोन पहुँचे उसके रिस्तेदार कप्तान सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव के विजय बहादुर सिंह लगभग तीन बजे रात्रि को मृतक के मामा के घर आये थे। जिसके बाद उन्होंने धमकी दी कि तुम्हारा भांजा उसकी लड़की का पीछा नहीं छोड़ रहा। अगर उसे नहीं समझाया तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद जब परिवार के लोग सोनू के कमरे में गए तो वहां नहीं मिला। परिजनों के मुताबिक रात भर युवक को खोजते रहे लेकिन कोई खबर नही लगी। सुबह उदयपुर पुलिस से सूचना मिली कि सलोन में युवक सोनू की लाश बरामद हुई है।
