Unnao News : करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत, परिजनों में चीख-पुकार, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत।

उन्नाव में करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में करंट की चपेट में आने से अलग-अलग थानाक्षेत्रों के गावों में दो किसान गंभीर रूप से झुलस गये। परिजन उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाए। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।  

घटना-1 

पुरवा कोतवाली अंतर्गत कोदईया खेड़ा गांव निवासी अमृतलाल यादव (52) पुत्र द्वारिका प्रसाद किसान था। बीती रात सोने से पहले वह अपने मवेशी बांधने घर से निकला था। जहां वह विद्युत पोल में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन बाहर आए। जहां अमृत लाल को अचेत पड़ा देख उनके होश उड़ गये। आनन-फानन परिजन उसे सीएचसी फिर जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के बेटे शिवम ने विद्युत विभाग के कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उसकी मौत से पत्नी ननकई और बेटी गोल्डी का रो-रोकर बेहाल थे।

घटना-2 

माखी थानाक्षेत्र के गांव जगदीशपुर के मजरा सुब्बाखेड़ा निवासी सुरजन (55) पुत्र गंगू किसान था। उसके घर के बाहर हैंडपंप में टुल्लू पंप लगा है। शनिवार दोपहर वह वहां नहाने गया था। तभी वह पंप में आ रहे करंट की चपेट में आकर गंभीर झुलस गया। काफी देर तक जब वह वापस नही आया तो परिजन देखने गए तो वह वहां अचेत पड़ा था। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गये। जहां डाक्टर ने उसे मृत बता दिया। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। बड़े बेटे विनोद की सूचना पर पहुंचे दारोगा राजेश कुमार ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसी ने कोई आरोप नहीं लगाया है। किसान की मौत पर पत्नी सूरज मुखी व चार बेटों विनोद, मनोज, सर्वेश व पंकज के अलावा तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।

संबंधित समाचार