शाहजहांपुर: निरीक्षण में लापता मिला सफाई कर्मचारी, आयुक्त ने लगाया दो हजार का जुर्माना
फोटो- सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। निरीक्षण के दौरान लापता मिले सफाई कर्मचारी पर नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने दो रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने अन्य सफाई कर्मचारियों को भी समय से सफाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त शनिवार की सुबह सात बजे नगर में बहादुरगंज स्थित पचराहा पर नाला सफाई व पक्का तालाब के आस-पास वार्ड संख्या 16 बाडूजई प्रथम व वार्ड संख्या 28 बीबीजई हदफ में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। मोहल्ला बहादुरगंज में पचराहा पर नाला सफाई कार्य चलता मिला।
क्षेत्रीय एसएफआई की ओर से बताया गया कि नाले से निकलने वाले मलवे को जेसीबी से हटवाया जाएगा। नाले की शिल्ट सड़क पर देख कर नगर आयुक्त ने तत्काल शिल्ट उठवाने के निर्देश दिये। बाडूजई प्रथम स्थित पक्का तालाब का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद भी मौजूद थे। तालाब की सफाई व जल निकासी के लिए तालाब के किनारे नाला निर्माण कराने का प्रस्ताव पार्षद राजेश गंगवार ने दिया। बाद में पार्षदों ने नगर आयुक्त को बताया कि कई सफाई कर्मचारी कार्य करने नहीं आ रहे हैं।
इसके बाद नगर आयुक्त ने खुद ही सफाई बीट का निरीक्षण किया। स्थायी सफाई कर्मचारी महेश पुत्र इतवारी सफाई कार्य करते नहीं मिले। सफाई कर्मचारी को बुलवाया गया, जिसके उपस्थित होने पर सफाई का कार्य भी संतोषजनक नहीं पाया गया है, जिस पर नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि महेश पर दो हजार का अर्थदंड लगाया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी की कार्य दक्षता का परीक्षण एक सप्ताह में किया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय सफाई एवं खाद्य निरीक्षक हरवंश दीक्षित आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार दंपती समेत पांच की मौत, एक साल की मासूम घायल
