हिन्दुस्तान में PM नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं : गुलाब देवी
मोदी को बताया शेर विपक्ष की तुलना सियारों के झुंड से की
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या पहुंची माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा है कि हिन्दुस्तान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने मोदी को शेर और विपक्ष को सियारों का झुंड बताते हुए कहा कि शेर का कोई मुकाबला नहीं कर सकता है। उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम में केवल नैतिक शिक्षा में बदलाव करते हुए 50 महापुरुषों की जीवनी शामिल की गई है ताकि छात्र उससे प्रेरित हो आगे बढ़ सके।
रविवार को विभागीय समीक्षा बैठक से पहले पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि विपक्ष चारों ओर से अकेले मोदी को ही घेर रहा है लेकिन घेराबंदी काम नहीं आने वाली। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित है और नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष में प्रधानमंत्री से मुकाबला करने की शक्ति और रणनीति दोनों नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चौमुखी विकास के लिए नैतिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है। इसे कड़ाई से लागू कराया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने अयोध्या सांसद लल्लू सिंह और अन्य पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। सांसद ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री को अयोध्या में हो रहे विकास आदि के बारे में जानकारी दी।
