जौनपुर में दर्दनाक हादसा, पूर्व BJP विधायक के बेटे की निर्माणाधीन लिफ्ट में गिरने से हुई मौत
जौनपुर, अमृत विचार। जिले में एक दर्दनाक हादसे ने जफराबाद विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक हरेंद्र प्रसाद सिंह के इकलौते बेटे की जान ले ली। रविवार की देर रात पूर्व विधायक के 31वर्षीय बेटे डॉक्टर हर्षित सिंह की डिग्री कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन लिफ्ट में गिरकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार पूर्व भाजपा विधायक हरेंद्र प्रसाद सिंह जलालपुर थाना क्षेत्र के सेहमलपुर गांव के निवासी हैं। जहां उनके घर के पास ही अपना डिग्री कॉलेज भी है। इस परिसर में लिफ्ट लगाने का काम चल रहा है। इसी काम को देखने पूर्व विधायक के बेटे हर्षित रविवार देर रात पहुंचे थे। बताया जा रहा है की इसी बीच वो लिफ्ट में गिर गए। मौके पर कोई भी मौजूद नहीं था ऐसे में घायल अवस्था में वो वहां पड़े रहे। काफी देर बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में लोग शोकाकुल हैं।
ये भी पढ़ें -अयोध्या में 1700 में से केवल सात कोचिंग संस्थान ही रजिस्टर्ड
