अयोध्या : मानसून की दस्तक से बढ़ी सर्पदंश की घटनाएं, 9 घंटे में पांच हुए शिकार, एक लखनऊ रेफर
अयोध्या, अमृत विचार। मानसून की दस्तक से जिले में सर्पदंश की घटनाएं शुरू हो गई है। बिलों में पानी भरने के चलते जहरीले सांप बाहर निकलने लगे हैं और लोगों का शिकार करना शुरू कर दिया है। 9 घंटे में ही जिला अस्पताल में सर्पदंश के 5 मरीज पहुंचे हैं। इनमें से एक को हालत गंभीर होने के चलते लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
गौरतलब है कि जनपद में गाहे-बगाहे सर्पदंश की घटनाएं प्रकाश में आती रही है। सर्पदंश के शिकार कुछ को उपचार के बाद बचा लिया जाता है तो कुछ भी मौत हो जाती है। जानकारों का कहना है कि इधर कुछ वर्षों में जनपद में सर्पदंश की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। बरसात की शुरुआत होने के साथ ही सर्पदंश की घटनाएं भी बढ़ने लगी है। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि बिलों में पानी भरने के चलते अपनी जान बचाने के लिए सर्प बाहर निकलते हैं और इधर-उधर छुप जाते हैं। गलती से शरीर के किसी हिस्से से छू जाने अथवा दब जाने पर संबंधित को अपना शिकार बनाते हैं। खेत में काम करने के दौरान भी इस तरह की घटनाएं प्रकाश में आ रही हैं।
रविवार की मध्य रात्रि के बाद से सर्पदंश के शिकार मरीजों का जिला अस्पताल आने का सिलसिला शुरू हुआ और 9 घंटे के भीतर ही 5 मरीज पहुंच गए। सर्प दंश का शिकार खंडासा थाना क्षेत्र के सरोली गांव निवासी 20 वर्षीय राहुल शुक्ला पुत्र दिवाकर को 1:10 बजे, तारुन थाना क्षेत्र के कुरईया गांव निवासी 17 वर्षीय नीतू शर्मा पुत्र इंद्रजीत को 1:40 बजे तथा पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के बल्ली पुर गांव निवासी 15 वर्षीय निर्मला पुत्री हरिनारायण को रात 2:40 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों रात में सोते समय सर्प दंश का शिकार हुए।सांप ने राहुल और नितिन के पैर और किशोरी निर्मला के हाथ में काटा था। इनमें से नितिन की हालत गंभीर होने के चलते इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शिशिर श्रीवास्तव ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया है।
वहीं सोमवार को खेत में काम करने के दौरान सर्पदंश की शिकार रौनाही थाना क्षेत्र के पूरे टीकाराम कपासी निवासी 45 वर्षीय सवाला देवी पत्नी छेदीलाल को सुबह 9:30 बजे और इसी थाना क्षेत्र के बड़ा करेली निवासी 22 वर्षीय अंकित यादव पुत्र रामप्रसाद को 10:00 जिला अस्पताल लाया गया है। दोनों को चिकित्सक ने उपचार के लिए भर्ती किया है।
ये भी पढ़ें -वाराणसी पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, काल भैरव और बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन-पूजन
