हल्द्वानी: कालू सिद्ध तिराहे पर नशेड़ी का हंगामा, महिला पुलिस कर्मी को धमकाया
हल्द्वानी, अमृत विचार। कालू सिद्ध तिराहे पर एक बाइक सवार नशेबाज ने जमकर हंगामा किया। उसने न सिर्फ अपनी बाइक को क्षतिग्रस्त किया, बल्कि वहां तैनात एक महिला पुलिस कर्मी को भी धमकाया। पुलिस ने बमुश्किल युवक को काबू किया।
सोमवार दोपहर करीब सवा 12 बजे उल्टी दिशा से पल्सर बाइक सवार कालू सिद्ध मंदिर तिराहे पर पहुंच गया। वह बाइक से उतरा और बाइक को सड़क पर पटक दिया। उसने अपनी ही बाइक में तोड़फोड़ की तो तिराहे पर हंगामा मच गया। वह बाइक को आग लगाने की धमकी दे रहा था। इससे यातायात बाधित होने लगा।
यह देख वहां तैनात महिला पुलिस कर्मी पहुंची और उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिस कर्मी पर ही भड़क गया। उसने पुलिस कर्मी को हत्या की धमकी दी। जानकारी पर एक और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचा। जिसके बाद बाइक को किनारे कर बमुश्किल युवक को शांत कराया गया।
