बरेली: घर से फैक्ट्री में काम करने के लिए निकला था युवक, संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीबीगंज/बरेली, अमृत विचार। घर से फैक्ट्री जाने के लिए निकला एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में बंद पड़े स्लीपर प्लांट की झाड़ियों के पास मृत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

सीबीगंज के खलीलपुर रोड निवासी 24 वर्षीय अंकुर मौर्य परसाखेड़ा के एक प्लाइवुड फैक्ट्री में संविदा कर्मचारी था। उसका विवाह करीब 6 माह पूर्व शहर की ही शीतल से हुआ था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी व अन्य परिजनों से ड्यूटी जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन वहां नहीं पहुंचा। प्रातः 11 बजे परिजनों को सूचना मिली कि अंकुर स्लीपर रोड स्थित स्लीपर प्लांट की झाड़ियों के पास बेसुध अवस्था में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल  लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिससे घर में कोहराम मच गया। मृतक की जेब से 12 हजार रुपए नगद मिले हैं।

मृतक के परिजनों ने इसकी सूचना उसके ससुराल वालों को दी। साथ ही पुलिस से हत्या की आशंका जताई है। थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। बताया जाता है कि मृतक के पिता ओमकार बिहार में रेलवे के ठेकेदार के पास बतौर संविदा कर्मचारी नौकरी करते हैं। घटना के बाद से माँ राधा,पत्नी शीतल, भाई अमन कर रो रो कर बुरा हाल है। 

मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी- अशोक कुमार कंबोज, इंस्पेक्टर सीबीगंज।

ये भी पढ़ें- बरेली: कलेक्ट्रेट में लॉकडाउन पास बनवाने में हुआ भ्रष्टाचार, तीन साल से जांच अधूरी

संबंधित समाचार