लखनऊ: राजधानी के 5.80 लाख परिवारों को बड़ा राहत, गृहकर में छूट का मौका अब 31 अगस्त तक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ/अमृत विचार। नगर निगम कार्यकारिणी समिति की पहली बैठक में जनता से जुडे़ मुद्दों पर मुहर लगी। करीब 5.80 लाख परिवारों को राहत देते हुए गृहकर जमा करने के लिए छूट की सीमा को बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया गया। इस समयावधि तक आमजन को गृहकर जमा करने पर 10 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा।

सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए हर पार्षद वार्ड विकास निधि से कूड़ा उठवाने के लिए एक-एक छोटा हाथी खरीदे जाने और हर वार्ड में 12-12 रिक्शा ट्राली उपलब्ध कराने पर सहमित बनीं। यही नहीं हर पार्षद अपने वार्ड में 50 स्ट्रीट लाइटें लगवा सकेंगे। बैठक में पार्षदों की वार्ड विकास निधि बढ़ाने की मांग को भी ठप्पा लगा। पार्षद 1.27 करोड़ से वार्ड में विकास को रफ्तार देंगे।

अति आवश्यक विकास कार्यों के लिए नगर निगम में 10 लाख तक के कार्य मैनुअल टेंडर से करा सकेगा। 10 लाख से ऊपर के कार्य ई-टेंडरिंग या ग्लोबल टेंडरिंग से कराये जाने के प्रस्ताव को भी कार्यकारिणी समिति ने अपनी मंजूरी दे दी। महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में सोमवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित राजकुमार हाल में तमाम अहम प्रस्तावों पर मुहर लगा दी।

बैठक में महापौर के अलावा नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह, कार्यकारिणी सदस्य, समस्त अपर नगर आयुक्त, समस्त जोनल अधिकारी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कटखने कुत्तों और आवारा मवेशियों पर सख्त हुआ निगम प्रशासन, पकड़ने के लिए हर जोन में एक वाहन
बैठक में आवारा कटखने कुत्तों और पशुओं पर सवाल उठे। नगर निगम प्रशासन का सख्त रवैया नजर आया। राहगीरों को काटने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इन्हें पकड़ने के लिए चार वाहन खरीदने की अनुमति प्रदान की गई। जिससे अब हर जोन में एक-एक वाहन रहेगा। महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि मृतक जानवरों को नगर निगम शिकायत मिलने के पांच घंटे के भीतर उठाए जाएगा। लोग मृत जानवरों को इधर-उधर फेंक देते हैं। नगर निगम इनके अंतिम संस्कार के लिए मशीन खरीदने जा रहा है। इसे भी कार्यकारिणी में मंजूरी मिल गई।

महापौर कोष से ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की मृत्यु पर सहायता

ड्यूटी के दौरान नगर निगम के कर्मचारी और अधिकारी की मृत्यु होने पर फंड से सहायता दी जाएगी। इसके लिए ''महापौर कोष'' बनाने के प्रस्ताव को समिति ने मंजूरी दे दी। महापौर ने बताया कि नगर निगम की एक महिला सफाई कर्मी शारदा की स्कूटी से टक्कर लगने से मृत्यु हो गयी थी। नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों के सहयोग से मृतक आश्रितों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी। आकस्मिक स्थिति के लिए यह फंड बनाया जा रहा है, जिससे नगर निगम कार्मिकों के परिजनों को दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अहाना एन्क्लेव के खाली फ्लैट नगर निगम कर्मचारी-अधिकारी और पार्षद छूट पर खरीद सकेंगे
नगर निगम ने अपनी पहली टाउनशिप जोन आठ के औरंगाबाद खालसा में शहीद पथ के पास बनाई है। इसमें 684 फ्लैट बनाये गए हैं। लेकिन फ्लैट बिक नहीं रहे हैं। अब इन्हें नगर निगम कर्मचारियों, अधिकारियों और पार्षदों को बेचने की तैयारी है। कार्यकारिणी समिति में इसका प्रस्ताव रखा गया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि खाली फ्लैट कर्मचारियों, अधिकारियों और पार्षदों को बेचे जाएंगे। इसके लिए छूट भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन कर्मचारियों के पास आवास नहीं है उन्हें फ्लैट किराये पर दिये जाएंगे।

आसान नहीं होगी विमान और यात्रियों से शुल्क वसूलने की राह

भले ही अपनी आय बढ़ाने के लिए नगर निगम ने चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले प्रति विमान 3,000 रुपये और प्रति यात्री 100 रुपये शुल्क वसूलने का प्रस्ताव तो कार्यकारिणी समिति में रख दिया लेकिन टैक्स वसूलने की राह उसके लिए आसान नहीं होगी। क्योंकि नगर निगम इसका प्रस्ताव तैयार कर सदन भेजेगा। पास होने के बाद नगर विकास विभाग जाएगा। फिर नागरिक उड्डयन मंत्रालय को मंजूरी के लिए भेजेगा अगर मंत्रालय ने स्वीकृति दी तभी यह लागू हो पाएगा। इस प्रक्रिया में लगभग एक साल से अधिक का वक्त लगेगा। मंजूरी मिलती है या नहीं इसके बाद ही शुल्क वसूलना जाना है या नहीं तय हो पाएगा।

टेम्पो-ऑटो स्टैंड के पिक एंड ड्राप स्थलों पर समिति करेगी फैसला

शहर में मनमाने तरीके से संचालित टेम्पो-ऑटो स्टैंड के पिक एंड ड्राप के निर्धारित स्थलों के अनुमोदन के लिए महापौर की अध्यक्षता में समिति फैसला करेगी। कार्यकारिणी समिति में रखे गए प्रस्ताव में यह निर्णय लिया गया। समिति में महापौर अध्यक्ष, तीन पार्षदों में दो भाजपा और एक सपा, नगर निगम का एक अधिकारी, यातायात विभाग, पुलिस विभाग और टैम्पो-टैक्सी एवं ऑटोरिक्शा संयुक्त मोर्चा का एक प्रतिनिधि शामिल रहेगा। नगरीय क्षेत्रों में 45 ठहराव स्थल और 27 के पिक एंड ड्राप स्थलों पर वाहनों को रोकने के लिए ठोस प्रयास होंगे। ई-रिक्शा के रूटों के संचालन पर भी नजर रहेगी।

मृतक आश्रितों और हटाए गए कर्मियों को वापस रखेगा नगर निगम

नगर निगम में आउटसोर्सिंग से लगभग आठ हजार और संविदा पर लगभग तीन हजार सफाई कर्मचारी तैनात हैं। कोरोना काल के दौरान कुछ कर्मचारियों की मृत्यु हो गयी वहीं लगभग 25 फीसदी कर्मियों को नगर निगम ने हटा दिया था। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र सिंह ने बताया कि कार्यकारिणी में रखे गए प्रस्ताव में निर्णय लिया गया कि जिनकी मौत हो चुकी है और जो कर्मचारी कम हुए हैं उनका आकलन किया जाएगा। उनकी जगह हर वार्ड में सफाई कर्मचारी रखे जाएंगे जो सफाई व्यवस्था को और तेज करेंगे।

उपाध्यक्ष का चुनाव, गिरीश गुप्ता बने उपाध्यक्ष
नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में उपाध्यक्ष का चुनाव किया गया। इसमें बशीरतगंज वार्ड से भाजपा पार्षद गिरीश गुप्ता को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया। महापौर सुषमा खर्कवाल समेत भाजपा पार्षदों ने उन्हें बधाई दी और स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम सदन में विकास के मुद्दे, पार्षदों और जनता की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाएंगे। इससे शहर का चौतरफा विकास हो सके।

ईकोग्रीन को हटाने पर नहीं हो सका फैसला

शहर में कूड़ा कलेक्शन देख रही ईकोग्रीन कम्पनी को हटाने पर कार्यकारिणी समिति में फैसला नहीं हो सका। महापौर ने बताया कि ईकोग्रीन पर सदन से पहले निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी को अचानक नहीं हटाया जा सकता है। पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

नगर निगम की खाली जमीनों की महापौर ने मांगी सूची
महापौर ने नगर निगम की खाली जमीन और जिन पर अतिक्रमण है उनकी अधिकारियों से सूची मांगी है। कार्यकारिणी बैठक में इसका प्रस्ताव रखा गया। महापौर ने बताया कि नगर निगम की जमीनों को अतिक्रमणमुक्त कराया जाएगा। इन जमीनों का उपयोग योजना बनाने के लिए किया जाएगा।

कांग्रेस पार्षद बोले वार्ड विकास निधि दो करोड़ की जाए

कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह ने कहा कि विकास के लिए यह निधि कम है। इसे और बढ़ाया जाए। दो करोड़ की निधि तय की जाए जिससे वार्ड का विकास रफ्तार पकड़ सके। महापौर ने अपनी विकास निधि को तो दोगुना बढ़ाकर तीस करोड़ कर लिया लेकिन पार्षदों के साथ अन्याय किया है। इस पर पुर्नविचार किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें:-UP News: पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टर ने पिता के हाथ में थमा दिया बेटी का शव, डिप्टी सीएम ने दिए जांच के आदेश

संबंधित समाचार