सुलतानपुर: आत्मदाह करने वाली प्रेगनेंट दलित युवती की मौत, चार साल से आरोपी शादी का झांसा देकर करता रहा दुष्कर्म
पुलिस से न्याय न मिलने से युवती ने किया था आत्मदाह, नौवें दिन इलाज के दौरान लखनऊ में मौत
जयसिंहपुर, सुलतानपुर/अमृत विचार। दो बच्चों के पिता ने शादी का झांसा देकर युवती से प्रेम प्रसंग कर यौन शोषण किया, जिसमें युवती गर्भवती हो गई। न्याय न मिल पाने पर युवती ने आत्मदाह का प्रयास किया था। युवती की आत्मदाह के नवें दिन इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई है। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, पुलिस इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामला गोसाईगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। क्षेत्र की युवती से गोसाईगंज कस्बे के संजय साहू ने शादी का झांसा देकर प्रेम प्रसंग चलाया। पीड़िता का आरोप था कि संजय साहू उसका यौन शोषण करता रहा। इस बीच वह प्रेगनेंट हो गई तो वह शादी का दबाव बनाने लगी। इस पर आरोपी उसे आज कल कहकर टालने लगा। तभी पीड़िता को ये पता चला कि आरोपी तो शादीशुदा है। वह दो बच्चों का पिता भी है। तब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की।
लेकिन स्थानीय थाने पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही न होता देख समझौते की बात सामने आई। इससे आहत होकर बीते 18 जून को पीड़िता ने खौफनाक कदम उठाते हुए उसने अपने आपको आग के हवाले कर लिया। आनन-फानन में परिवार वाले उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर गए, जहां पीड़िता का इलाज शुरू हुआ। इस बीच 19 जून को पूरे मामले का एसपी सोमेन बर्मा ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज करने का निर्देश गोसाईंगंज पुलिस को दिया।
सीओ जयसिंहपुर प्रशांत सिंह की मौजूदगी मुकदमा दर्ज हुआ वही आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। अगले दिन उसे न्यायालय भेजा गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया था। उसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था।
मंगलवार की सुबह युवती की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसका शव परिवार वाले लेकर गांव आ रहे हैं। वही युवती की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, परिवार वाले युवती के अंतिम संस्कार की तैयारी में लगे हुए हैं। गोसाईगंज थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप रावत ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। एफआईआर में धारा बढ़ाई जाएगी।
ये भी पढ़ें -गौतम बुद्ध नगर: नोएडा के फार्म हाउस में बिना अनुमति चल रही थी पार्टी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
